Mutual Funds New Rules: सरकार ने बदल दिए हैं म्यूचुअल फंड के ये 3 जरूरी नियम, आप पर होगा सीधा ये असर
Mutual Funds New Rules: सेबी ने बीते दिनों म्यूचुअल फंड को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत, उसने 1 अप्रैल, 2026 को म्यूचुअल फंड (Mutual funds) के 3 नियमों को बदल दिया है। बता दें, ये नियम करीब 30 साल बाद बदले गए हैं। हालाँकि, इन नियमों को लेकर तमाम तरह की गलत धारणाएं भी फैल रही हैं, जिसके चलते निवेशकों के मन में कुछ आशंकाएं भी हैं। आइए जानते हैं कि इन बदले हुए नियमों के निवेशकों के लिए क्या मायने हैं और उनके लिए किन चीजों के बारे में जानना जरूरी है।
TER (टोटल एक्सपेंस रेशियो) की व्यवस्था अब खत्म हो गई है और इसकी जगह BER (बेस एक्सपेंस रेशियो) ने ले ली है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि इससे लागत में कमी आएगी, लेकिन हकीकत इससे थोड़ा अलग है।
BER के बारे में कहा जा रहा था कि इससे लागत में कमी आएगी और पारदर्शिता में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, वैल्यू रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, आपके एक्टिव इक्विटी फंड में सालाना सिर्फ 5 से 7 बेसिस पॉइंट की बचत होगी, न कि 15 बेसिस पॉइंट की, जैसा कि खबरों में दावा किया जा रहा था। इसके साथ ही, पहले जो खर्च एक लाइन में दिखते थे, अब वे तीन अलग-अलग लाइनों में दिखेंगे। यह बात बेहद अहम है, लेकिन यह एक अधूरी कहानी है। असली कहानी वे तीन बदलाव बयां करते हैं, जो अगले कुछ महीनों में आपके पोर्टफोलियो पर दूरगामी असर डालेंगे, जो शायद सामान्य निवेशक को समझ न आएं।
वास्तव में क्या बदला है
- TER को हटाकर BER को लाया गया
- नियमों की किताब 162 पेज से घटकर 88 पेज हो गई
- खर्चों को अब अलग-अलग हिस्सों में दिखाया जाएगा
असली बचत इन तीन जगहों से होगी
- एग्जिट लोड वाली स्कीमों के लिए अतिरिक्त 5 बेसिस पॉइंट की अनुमति खत्म कर दी गई है
- कैश-मार्केट ब्रोकरेज 12 बेसिस पॉइंट से घटाकर 6 बेसिस पॉइंट कर दिया गया
- डेरिवेटिव ब्रोकरेज को 5 बेसिस पॉइंट से घटाकर 2 बेसिस पॉइंट कर दिया गया
वैल्यू रिसर्च के मुताबिक, ज़्यादातर एक्टिव इक्विटी फंड के लिए इसका मतलब सालाना 5 से 7 बेसिस पॉइंट की बचत है, न कि 15 पॉइंट. अगर 10 लाख रुपये के हिसाब से देखें, तो इतने के निवेश पर बचत लगभग 600 रुपये के आसपास ही बैठती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह राशि कुछ बचत तो जरूर दर्शाती है, लेकिन यह उतनी बड़ी नहीं है, जितना दावा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: SBI म्यूचुअल फंड की सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली स्कीम, 15 साल में 20% CAGR ग्रोथ, कितनी SIP से बन गया 1 करोड़ कॉर्पस
सबसे बड़ा बदलाव: फंड ओवरलैप पर रोक
अब कोई भी थीमैटिक या सेक्टोरल फंड अपने पोर्टफोलियो का 50% से ज्यादा हिस्सा दूसरे समान फंड जैसा नहीं रख सकता। इसके चलते अलग-अलग नाम वाले फंड लगभग वही शेयर खरीद लेते थे और निवेशक सोचता था कि उनके पोर्टफोलियो में डायवर्सिफिकेशन हो रहा है, जबकि असल में उसके पास डुप्लीकेट होल्डिंग्स होती थीं। उदाहरण के लिए, पहले टेक्नोलॉजी फंड, इनोवेशन फंड और डिजिटल इंडिया फंड तीनों में कई बार वही टॉप स्टॉक्स होते थे, लेकिन अब सेबी इसे सीमित करेगा और यह ओवरलैप 50 फीसदी से ज़्यादा नहीं हो पाएगा।
नया “लाइफ साइकल फंड” क्या है?
सेबी ने फरवरी 2026 में नई कैटेगरी लॉन्च की है, जिसका नाम लाइफ साइकल फंड (टारगेट डेट फंड) है. उदाहरण के लिए, आप 2050 रिटायरमेंट फंड चुनते हैं। शुरुआत में फंड ज्यादा इक्विटी रखेगा और रिटायरमेंट नजदीक आते-आते डेट बढ़ाएगा, यानी एसेट एलोकेशन लगातार बदलता रहेगा।
इन लोगों को फायदा
- जिन्हें बार-बार पोर्टफोलियो रीबैलेंस नहीं करना है
- जो लोग लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं
सावधानी ज़रूरी है
रिपोर्ट के मुताबिक, कई बार सिंपल 70:30 हाइब्रिड स्ट्रैटेजी इससे बेहतर और सस्ती साबित हो सकती है.
क्या चीजें नहीं बदलीं
- SIP जारी रहेंगी
- मौजूदा फोलियो सुरक्षित रहेंगे
- टैक्स के नियम वही रहेंगे
- कट-ऑफ टाइमिंग वही है
इस महीने आपको क्या करना चाहिए
अपने हर एक्टिव फंड की फैक्टशीट निकालें और देखें कि फंड वास्तव में क्या होल्ड कर रहा है। क्या वह अपने बताए गए ऑब्जेक्टिव से भटक तो नहीं रहा है।
अगस्त 2026 याद रखें
नए नियम लागू होने के बाद, अगस्त महीने में ही ओवरलैप रिपोर्ट आएंगी। इन्हें देखकर डुप्लीकेट फंड हटाएं और पोर्टफोलियो को सिंप्लिफाई करें।
परफॉर्मेंस से लिंक्ड शेयर क्लास को समझे बिना न लें, खासकर जब AMC हर्डल रेट, हाई-वाटर मार्क और कैच-अप प्रोविजन ऑफर करे। अगर यह आपको समझ न आए, तो इसे अवॉइड करें।
ये बातें याद रखें
यह बदलाव “बहुत सस्ता म्यूचुअल फंड” नहीं लाएगा। हालांकि, फंड ज़्यादा पारदर्शी होंगे। थीमैटिक फंड ज़्यादा स्पष्ट होंगे और डुप्लीकेट पोर्टफोलियो कम होंगे, जिससे निवेशक बेहतर तरीके से डायवर्सिफाई कर सकेंगे। सबसे ज़रूरी बात यह है कि अब क्वांटिटी नहीं, डायवर्सिफिकेशन मायने रखेगा।

Leave a Reply