Nifty Prediction 22nd September: तेजी के बावजूद अभी संभलकर ट्रेडिंग की सलाह, 23,200 के नीचे बढ़ सकता है दबाव- एक्सपर्ट व्यू
Nifty Prediction 22nd September: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी देखने को मिली। निफ्टी करीब 70 अंकों की बढ़त के साथ 23,400 के ऊपर बंद हुआ। निफ्टी बैंक में भी करीब 55 अंकों की तेजी रही और इंडेक्स 56,470 के आसपास बंद हुआ। सेक्टरों की बात करें तो निफ्टी फार्मा और रियल्टी करीब 1-1 फीसदी चढ़े। एफएमसीजी और डिफेंस शेयरों में भी मजबूती रही। दूसरी ओर, निफ्टी मेटल, आईटी और पीएसयू बैंक इंडेक्स दबाव में रहे। अब सवाल यह है कि मंगलवार को बाजार में तेजी जारी रहेगी या फिर मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है?
कल कैसी रह सकती है बाजार की चाल?
एक्सपर्ट के मुताबिक, अभी बाजार को लेकर सावधानी के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। निफ्टी लगातार चार सत्रों से बढ़त में है, लेकिन अभी भी कुछ अहम स्तरों के नीचे कारोबार कर रहा है। ऐसे में अगली चाल के लिए इन स्तरों पर नजर रखना जरूरी होगा।
मार्केट एक्सपर्ट विनीत कुमार सक्सेना के मुताबिक, निफ्टी के लिए 23,467 से 23,540 का जोन अहम है। अगर इंडेक्स इस स्तर को मजबूती से पार कर इसे बनाए रखता है तो आगे 23,580 से 23,620 की तरफ बढ़त देखने को मिल सकती है। इसके बाद 23,650 के ऊपर टिकने पर बाजार में और तेजी की गुंजाइश बन सकती है।
हालांकि, उनका कहना है कि मौजूदा समय में ग्लोबल मैक्रो इकोनॉमिक और जियोपॉलिटिकल स्थिति को देखते हुए जल्दबाजी से बचना चाहिए। निफ्टी में 23,260 का स्तर भी अहम सपोर्ट रहेगा। इसके नीचे जाने पर बाजार में फिर दबाव बढ़ सकता है।
दूसरे एक्सपर्ट की क्या राय?
मार्केट एक्सपर्ट वरुण जोशी के मुताबिक, निफ्टी 23,400 के ऊपर बंद हुआ है, लेकिन अभी भी 15 सितंबर की कैंडल के दायरे में ही घूम रहा है। लगातार चौथे दिन बाजार में पॉजिटिव क्लोजिंग देखने को मिली है। ऐसे में आगे ब्रेकआउट या कुछ और दिनों तक कंसोलिडेशन दोनों की संभावना पर नजर रखनी होगी।
उनके मुताबिक 23,050 निफ्टी का अहम सपोर्ट है। वहीं 23,600 के ऊपर क्लोजिंग आने तक बाजार में तेजी के बजाय ऊपर की तरफ बिकवाली यानी सेल ऑन राइज की स्थिति देखने को मिल सकती है।
क्रूड और आईटी शेयरों पर भी नजर
एक्सपर्ट्स ने क्रूड ऑयल को भी बाजार के लिए अहम ट्रिगर बताया है। ऊपरी स्तरों से क्रूड में करीब 3.5 फीसदी की गिरावट आई है, लेकिन अभी भी ऊंचे स्तर बाजार के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। क्रूड में फिर तेजी आने पर रेट-सेंसिटिव शेयरों पर दबाव पड़ सकता है।
वहीं, आईटी शेयरों में हालिया गिरावट के बाद कुछ रिकवरी देखने को मिली है। वरुण जोशी के मुताबिक निफ्टी आईटी में 28,000-28,500 का जोन नजर रखने लायक है। वहीं H-1B वीजा फीस से जुड़ी खबरों के बाद आईटी शेयरों में आई कमजोरी के बाद अब इसमें रिकवरी देखने को मिली है।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply