PM Kisan : एक साल से नहीं आई पीएम किसान योजना की किस्त, चुप बैठना पड़ सकता है भारी, 24वीं किस्त से पहले निपटा लें जरूरी काम
PM Kisan 24th Installment: अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं और पहले नियमित रूप से किस्त मिलती रही है, लेकिन पिछले एक साल से आपकी किस्त अटक गई है, तो इसे नजरअंदाज न करें। लगातार दो-तीन किस्तें नहीं मिलने के बाद भी इंतजार करते रहना भारी पड़ सकता है। दरअसल, किस्त रुकने की वजह e-KYC, आधार-बैंक लिंकिंग या रिकॉर्ड में किसी तरह की कमी हो सकती है। ऐसे में अगली किस्त का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपनी डिटेल और पात्रता की जांच करा लेना बेहतर है।
अगर आप अब तक योजना की 20 किस्तें हासिल कर चुके हैं, लेकिन पिछले तीन भुगतान से पैसा नहीं मिला, तो सबसे पहले यह पता करें कि आखिर किस वजह से किस्त रोकी गई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के पूर्व अपर आयुक्त वाईआर मीणा के मुताबिक, किसान को किस्त रुकने पर चुप नहीं बैठना चाहिए, बल्कि तुरंत इसकी वजह पता कर जरूरी सुधार कराना चाहिए।
ये भी पढ़ें : Credit Card : एक प्रीमियम कार्ड बेहतर या कई क्रेडिट कार्ड? कैशबैक, रिवार्ड, ऑफर देखकर अप्लाई करने से पहले समझ लें डिटेल
किस्त रुक गई तो क्या करें?
वाईआर मीणा के मुताबिक, अगर किसी किसान को एक किस्त नहीं मिली है तो उसे अगली किस्त का इंतजार नहीं करना चाहिए। किसान को तुरंत PM Kisan Farmer Portal पर जाकर अपनी स्थिति जांचनी चाहिए। अगर ऑनलाइन जांच करने में परेशानी हो तो नजदीकी Common Service Centre (CSC) या संबंधित कृषि अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। किसान अपनी e-KYC, आधार से जुड़ी जानकारी और बैंक खाते से संबंधित डिटेल भी जांच लें। अगर इनमें कोई कमी या गड़बड़ी है तो उसे समय रहते ठीक कराना जरूरी है।
e-KYC सबसे जरूरी, इसे जरूर चेक करें
पीएम किसान योजना की किस्त पाने के लिए e-KYC पूरा होना जरूरी है। इसके अलावा किसान का आधार और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भी सही होनी चाहिए। इनमें किसी तरह का अंतर या तकनीकी समस्या होने पर भुगतान अटक सकता है। ऐसे में जिन किसानों की पहले किस्त आती थी और अचानक बंद हो गई है, उन्हें सबसे पहले अपनी e-KYC और बैंक-आधार लिंकिंग की स्थिति जांचनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : NPS Withdrawal: रिटायरमेंट के बाद हर महीने चाहिए तय रकम या बाजार के हिसाब से बदलता पैसा? समझें SLW और SUR का फर्क
पिछली रुकी हुई किस्तें मिलेंगी या नहीं?
यह सवाल उन किसानों के लिए सबसे अहम है, जिनकी एक या दो किस्तें बीच में रुक गई हैं। वाईआर मीणा के मुताबिक, अगर किसान योजना के लिए पात्र है और किस्त किसी कमी या तकनीकी वजह से रुकी थी, तो उस कमी को दूर करने के बाद पिछली बकाया किस्तें भी मिल सकती हैं। यानी ऐसा जरूरी नहीं है कि कमी दूर होने के बाद सिर्फ अगली किस्त (
pm kisan 24th installment) ही मिले और बीच की किस्तें हमेशा के लिए छूट जाएं। हालांकि, भुगतान पात्रता और रिकॉर्ड सही होने पर ही होगा।
किसानों के लिए PM Kisan Checklist
24वीं किस्त से पहले किसान इन जरूरी चीजों की जांच कर लें:
- e-KYC पूरी है या नहीं
- आधार की जानकारी सही है या नहीं
- आधार बैंक खाते से लिंक है या नहीं
- बैंक खाते की डिटेल में कोई गलती तो नहीं
- PM Kisan पोर्टल पर Beneficiary Status चेक करें
- किस्त रुकने की वजह पोर्टल पर देखें
- कोई कमी दिखाई दे तो उसे तुरंत ठीक कराएं
- समस्या समझ न आए तो CSC या कृषि अधिकारी से संपर्क करें
पढ़े-लिखे नहीं हैं तो क्या करें?
हर किसान के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर खुद जांच करना आसान नहीं होता। ऐसे किसानों के लिए भी रास्ते मौजूद हैं। नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर अपनी जानकारी की जांच कराई जा सकती है। इसके अलावा किसान 155261 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपनी समस्या के बारे में जानकारी ले सकते हैं। किसान कॉल सेंटर के जरिए भी किसानों को उनकी भाषा में मार्गदर्शन दिया जाता है।
एक साल से पैसा नहीं आया तो सबसे जरूरी क्या है?
वाईआर मीणा की सलाह का सीधा मतलब है कि किस्त रुकने पर इंतजार न करें। अगर पहले पैसा नियमित रूप से आ रहा था और अचानक बंद हो गया है तो इसकी वजह पता करें। दो-तीन किस्तें निकल जाने के बाद शिकायत करने के बजाय पहली ही बार भुगतान रुकने पर e-KYC, आधार, बैंक खाते और लाभार्थी स्टेटस की जांच कर लेना ज्यादा समझदारी है। याद रखें, पात्र किसान को योजना का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए अपनी जानकारी और जरूरी प्रक्रियाएं अपडेट रखना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply