Post Office New Service : अब देश के किसी भी पोस्ट ऑफिस से निकाल सकेंगे 20,000 रुपये तक कैश, सुकन्या खाते में 50,000 रुपये तक जमा भी हुआ आसान
Post Office New Service : सोचिए, आप घर से हजारों किलोमीटर दूर किसी दूसरे राज्य में हैं। अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है, लेकिन आपका पोस्ट ऑफिस खाता किसी दूसरे शहर या गांव की शाखा में है। कुछ समय पहले तक ऐसी स्थिति में आपको उसी शाखा तक पहुंचना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इंडिया पोस्ट ने अपनी डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ाते हुए ऐसी सुविधा शुरू की है, जिससे ग्राहक देश के किसी भी पोस्ट ऑफिस से अपने पोस्ट ऑफिस बचत खाते में लेनदेन कर सकेंगे। यानी अब बचत खाते से 20,000 रुपये तक की कैश निकासी और RD या सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Yojana) जैसे खातों में 50,000 रुपये तक जमा करना आसान हो गया है। इसके लिए सिर्फ बायोमेट्रिक आधारित eKYC ऑथेंटिकेशन कराना होगा।
पोस्ट ऑफिस की नई सुविधा
मान लीजिए नोएडा के रहने वाले राकेश जम्मू-कश्मीर घूमने गए हैं। यात्रा के दौरान अचानक उन्हें पैसों की जरूरत पड़ गई। उनका पोस्ट ऑफिस बचत खाता दिल्ली में है और आसपास कोई बैंक शाखा भी नहीं है। ऐसे में उन्होंने नजदीकी पोस्ट ऑफिस का पता लगाया और वहां पहुंचकर बायोमेट्रिक eKYC ऑथेंटिकेशन कराया। कुछ ही मिनटों में उन्हें अपने पोस्ट ऑफिस बचत खाते से नकद राशि मिल गई। न उन्हें अपनी होम ब्रांच जाना पड़ा और न ही कोई लंबी कागजी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी। यही सुविधा अब देशभर के पोस्ट ऑफिस ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।
क्या है इंडिया पोस्ट की नई eKYC सुविधा?
भारतीय डाक का कहना है कि डिजिटल फाइनेंशियल इंक्लूजन को बढ़ावा देने के लिए eKYC आधारित नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य पोस्ट ऑफिस की वित्तीय सेवाओं को पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और तेज बनाना है। इस सुविधा के तहत अब ग्राहक अपनी होम ब्रांच तक सीमित नहीं रहेंगे। यानी अगर आपका खाता किसी ग्रामीण डाकघर या किसी दूसरे शहर के पोस्ट ऑफिस में है, तब भी आप देश के किसी भी पोस्ट ऑफिस से जरूरी लेनदेन कर सकते हैं।
कौन-कौन से ट्रांजैक्शन कर सकेंगे?
बायोमेट्रिक eKYC ऑथेंटिकेशन के जरिए ग्राहक पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट से 20,000 रुपये तक नकद निकाल सकते हैं। रिकरिंग डिपॉजिट (RD) खाते में 50,000 रुपये तक जमा कर सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) खाते में भी 50,000 रुपये तक जमा कर सकते हैं।
eKYC क्यों जरूरी है?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहक को बायोमेट्रिक आधारित eKYC कराना होगा। इससे ग्राहक की पहचान तुरंत सत्यापित हो जाती है और लेनदेन सुरक्षित तरीके से पूरा हो जाता है। साथ ही कागजी प्रक्रिया भी काफी कम हो जाती है।
किन लोगों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है जो
- नौकरी या कारोबार के सिलसिले में दूसरे शहर में रहते हैं।
- अक्सर यात्रा करते हैं।
- जिनका पोस्ट ऑफिस खाता गांव में है लेकिन वे शहर में रहते हैं।
- ॉजिनके परिवार के सदस्य अलग-अलग राज्यों में रहते हैं।
ऐसे ग्राहक अब बिना होम ब्रांच गए भी अपने खाते से जरूरी लेनदेन कर सकेंगे।
डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम
भारतीय डाक पिछले 171 सालों से देशभर में बचत और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। अब eKYC आधारित यह नई सुविधा डिजिटल इंडिया और वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले करोड़ों ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बैंकिंग जैसी सेवाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply