QIP Stocks: इस साल QIP वाले शेयरों ने किया कमाल, 11 में से 10 कंपनियों ने दिए 55 फीसदी तक रिटर्न, आपके पास कितने स्टॉक?
QIP Stocks and Positive Return: Qualified Institutional Placement (QIP) को अक्सर कंपनियां पूंजी जुटाने का एक अहम जरिया मानती हैं, लेकिन निवेशकों के बीच यह धारणा भी रहती है कि QIP के बाद शेयरों पर दबाव आ सकता है क्योंकि नए शेयर जारी होने से इक्विटी डाइल्यूशन होता है। हालांकि, 2026 के अब तक के आंकड़े इस धारणा से अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। इस साल अब तक QIP के जरिए फंड जुटाने वाली 11 में से 10 कंपनियों के शेयरों ने बोर्ड की ओर से QIP मंजूरी मिलने के बाद पॉजिटिव रिटर्न दिया है। केवल Sterlite Technologies ऐसा अपवाद रहा, जिसके शेयरों में इस अवधि में गिरावट दर्ज की गई। बाकी कंपनियों ने निवेशकों को दोहरे अंक तक का रिटर्न दिया, जबकि कुछ शेयरों ने 30 फीसदी से 55 फीसदी तक की तेजी दिखाई।
जनवरी से जून तक QIP के बाद कैसा रहा प्रदर्शन?
जनवरी 2026 में कुल तीन कंपनियों ने दिया पॉजिटिव रिटर्न। साल की शुरुआत में Biocon, E2E Networks और AGI Infra ने QIP के जरिए पूंजी जुटाई और तीनों के शेयरों ने इसके बाद बढ़त दर्ज की।
- E2E Networks सबसे बड़ा आउटपरफॉर्मर रहा। कंपनी के शेयर बोर्ड की मंजूरी के समय के मुकाबले करीब 55.4 फीसदी चढ़ चुके हैं।
- AGI Infra ने करीब 13.2% का रिटर्न दिया।
- Biocon के शेयरों में लगभग 11.2% की तेजी आई।
Biocon ने 4,150 करोड़ रुपये जुटाए, जिनका इस्तेमाल Biocon Biologics में Viatris की हिस्सेदारी खरीदने और कर्ज कम करने में किया जा रहा है। वहीं E2E Networks ने 107 करोड़ रुपये जुटाकर अपनी क्लाउड कंप्यूटिंग और AI इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता बढ़ाने की योजना बनाई। AGI Infra ने 75 करोड़ रुपये के QIP के जरिए पूंजी जुटाई, जिसमें विदेशी संस्थागत निवेशकों की मजबूत भागीदारी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें- TCS vs HCL Tech: किस आईटी दिग्गज का Q1 प्रदर्शन रहा दमदार? AI, डील बुकिंग और ब्रोकरेज की राय में कौन आगे, किसे चुने निवेशक?
अप्रैल-मई में भी जारी रही तेजी
अप्रैल और मई में QIP लाने वाली कंपनियों के शेयरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
- Adani Enterprises के शेयरों में करीब 32% की तेजी आई।
- Poonawalla Fincorp ने लगभग 18.5% का रिटर्न दिया।
- KRN Heat Exchanger के शेयर करीब 12.3% मजबूत हुए।
- JSW Energy में भी 2.4% की सकारात्मक बढ़त दर्ज हुई।
Adani Enterprises ने 15,000 करोड़ रुपये का QIP पूरा किया, जिसे निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और यह 3.8 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ। जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से कैपेक्स योजनाओं में किया जाएगा। Poonawalla Fincorp ने 2,500 करोड़ रुपये जुटाकर अपने लेंडिंग बिजनेस और पूंजी आधार को मजबूत करने की रणनीति अपनाई। वहीं, JSW Energy ने 4,000 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि KRN Heat Exchanger ने 350 करोड़ रुपये का QIP पूरा किया, जिसमें कई बड़े घरेलू और वैश्विक संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया।
जून में भी QIP शेयरों का प्रदर्शन मजबूत
जून में QIP लाने वाली कंपनियों में भी अधिकांश ने निवेशकों को सकारात्मक रिटर्न दिया।
- ACME Solar Holdings के शेयर करीब 22.6% चढ़े।
- Motisons Jewellers में लगभग 18% की तेजी आई।
- JSW Infrastructure ने करीब 7.9% का रिटर्न दिया।
ACME Solar ने 2,800 करोड़ रुपये जुटाकर कर्ज घटाने और बैलेंस शीट मजबूत करने की योजना बनाई। दूसरी ओर, Motisons Jewellers ने 150 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि JSW Infrastructure ने 7,503 करोड़ रुपये के QIP और OFS के जरिए अपनी विस्तार योजनाओं के लिए पूंजी जुटाई।
यह भी पढ़ें- HCL Tech Share Target Price: तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज की बंटी राय, कोई बोला Buy तो किसी ने दी Sell की सलाह, क्या करें निवेशक?
सिर्फ Sterlite Technologies ने किया निराश
इस साल QIP के बाद नकारात्मक रिटर्न देने वाली एकमात्र कंपनी Sterlite Technologies (STL) रही। कंपनी ने 1,500 करोड़ रुपये जुटाए थे, जिनका इस्तेमाल कर्ज कम करने और विस्तार योजनाओं में किया जाना है। इसके बावजूद बोर्ड मंजूरी के बाद से कंपनी के शेयरों में करीब 17% की गिरावट दर्ज की गई।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply