Shein IPO को चीन के रेगुलेटर की हरी झंडी, सितंबर-अक्टूबर में हो सकती है लिस्टिंग
Shein IPO : फास्ट-फैशन ई-कॉमर्स कंपनी Shein को हांगकांग में इनिशियल पब्लिक ऑफर(IPO) लाने के लिए चीन के सिक्योरिटीज रेगुलेटर चाइना सिक्योरिटीज रेगुलेटरी कमीशन (CSRC) से मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से इंतजार कर रही कंपनी के लिए यह बड़ी राहत है। इससे पहले Shein ने अमेरिका के न्यूयॉर्क और ब्रिटेन के लंदन में लिस्टिंग की कोशिश की थी लेकिन वह सफल नहीं हो पाई थी।
अब CSRC की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी निवेशकों के साथ रोडशो आयोजित कर सकेगी और हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज की लिस्टिंग कमेटी से अंतिम मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक Shein सितंबर या अक्टूबर 2026 में शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है। Shein की स्थापना साल 2012 में चीन में जन्मे उद्यमी Sky Xu ने की थी। हालांकि कंपनी ने 2022 में अपना मुख्यालय सिंगापुर शिफ्ट कर दिया था लेकिन उसके ज्यादातर प्रोडक्ट अब भी चीन के थर्ड-पार्टी सप्लायर तैयार करते हैं। इसी वजह से कंपनी पर चीन के विदेशी IPO से जुड़े नियम लागू होते हैं।
कंपनी के सामने क्या थी दिक्कत
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार Shein की लिस्टिंग को चीन सरकार काफी संवेदनशील मान रही थी। फ्रांस में कंपनी से जुड़े विवाद और चीन में इसकी सप्लायर फैक्ट्रियों में खराब लेबर प्रैक्टिस की खबरों जैसे विवादों के बाद बीजिंग इसके लिस्टिंग को मंजूरी देने को लेकर सतर्क रहा है। यही वजह रही कि कंपनी को करीब एक साल तक इंतजार करना पड़ा।
किन कंपनियों का लगा है पैसा
रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार Shein के प्रमुख निवेशकों में Brookfield, Claure Group, D1 Capital, General Atlantic, HongShan Capital ( Sequoia China), Reliance, SoftBank, Mubadala Investment और Saudi Arabia का Public Investment Fund (PIF) शामिल हैं।
कंपनी की वैल्यूएशन पिछले कुछ सालों में काफी घट गई है। साल 2022 में Shein की वैल्यू करीब 100 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। इसके बाद महामारी के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग में आई तेजी कम होने और अमेरिका द्वारा ई-कॉमर्स पार्सल पर मिलने वाली कस्टम ड्यूटी छूट खत्म करने से कंपनी की वैल्यू पर दबाव आया। मई 2023 की फंडिंग में कंपनी की वैल्यू 66 अरब डॉलर रह गई थी।
50 अरब डॉलर की वैल्यूएशन का लक्ष्य
अब रिपोर्ट्स के मुताबिक Shein अपने IPO में 40 से 50 अरब डॉलर की वैल्यूएशन का लक्ष्य रख सकती है। कंपनी शुरुआती योजना के तहत करीब 8 फीसदी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही थी हालांकि अंतिम हिस्सेदारी इससे कम हो सकती है। इस IPO के जरिए कंपनी कुछ अरब डॉलर जुटा सकती है।
यदि Shein की लिस्टिंग इस वैल्यूएशन पर होती है, तो उसका बाजार मूल्य प्रतिस्पर्धी Temu की पैरेंट कंपनी PDD Holdings (करीब 117 अरब डॉलर) से काफी कम रहेगा। हालांकि यह यूरोप की प्रमुख फास्ट-फैशन कंपनी H&M (करीब 24 अरब डॉलर) से लगभग दोगुना होगा।
अमेरिका में किया था IPO के लिए आवेदन
Shein ने सबसे पहले नवंबर 2023 में अमेरिका में IPO के लिए आवेदन किया था, लेकिन वहां सांसदों और रेगुलेटर्स के विरोध के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद कंपनी ने लंदन स्टॉक एक्सचेंज का रुख किया, जहां ब्रिटेन के रेगुलेटर्स ने शुरुआती मंजूरी दे दी थी, लेकिन चीन के CSRC ने मंजूरी नहीं दी। इसके चलते लंदन लिस्टिंग भी रुक गई।
एक्सपर्ट का मानना है कि Shein की हांगकांग लिस्टिंग चीन की विदेशी लिस्टिंग पर सख्त निगरानी और बदलते ग्लोबल माहौल को भी दिखाती है। वहीं, यह हांगकांग के पूंजी बाजार के लिए भी बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि इस साल शहर एक बार फिर दुनिया के सबसे एक्टिव IPO बाजारों में शामिल हो रहा है।

Leave a Reply