SIP Return : 10 साल में हाइएस्ट रिटर्न वाले 3 स्मॉलकैप फंड, 20 से 22% CAGR के साथ 10,000 की एसआईपी को बनाया 43 लाख
Small Cap Funds: शेयर बाजार में लंबी अवधि में बड़ा रिटर्न कमाने की बात होती है तो स्मॉल-कैप फंड्स का नाम सबसे आगे आता है। ये फंड्स उन कंपनियों में निवेश करते हैं जिनका मार्केट कैप छोटा होता है और जिनमें भविष्य में तेजी से बढ़ने की क्षमता देखी जाती है। हालांकि इनमें उतार-चढ़ाव भी बड़े होते हैं और बाजार में गिरावट के दौरान ये फंड्स तेज दबाव में आ सकते हैं। लेकिन जो निवेशक लंबी अवधि तक टिके रहते हैं, उनके लिए यही अस्थिरता बड़े रिटर्न का रास्ता भी बनाती है।
पिछले 10 वर्षों में स्मॉल-कैप फंड्स ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिए हैं। कई स्कीम्स ने नियमित सिप निवेश (SIP Investment) को लाखों रुपये की संपत्ति में बदल दिया। अगर किसी निवेशक ने 10 साल पहले हर महीने सिर्फ 10,000 रुपये की SIP शुरू की होती, तो आज उसका निवेश 37 लाख रुपये से लेकर 43 लाख रुपये तक पहुंच सकता था। खास बात यह है कि इन फंड्स ने केवल रिटर्न ही नहीं दिए, बल्कि लंबी अवधि में लगातार कंपाउंडिंग की ताकत भी दिखाई।
Quant Small Cap Fund
लंबी अवधि के प्रदर्शन की बात करें तो Quant Small Cap Fund ने सबसे दमदार रिटर्न दिया है। इस फंड ने 10 साल की अवधि में करीब 20 फीसदी सालाना SIP रिटर्न दिया। इसी वजह से 10,000 रुपये की मासिक SIP समय के साथ बढ़कर 37 लाख रुपये से ज्यादा की वैल्यू तक पहुंच गई। यह उन सेक्टर और कंपनियों पर दांव लगाता है जहां तेज ग्रोथ की संभावना दिखती है। फंड के पोर्टफोलियो में Reliance Industries, RBL Bank, Adani Power, HFCL और Sun TV Network जैसी कंपनियां प्रमुख होल्डिंग्स में शामिल हैं। फंड के बारे में कुछ जानकारियां-
- NAV: 289.40
- AUM: 30,374 करोड़ रुपये
- न्यूनतम सिप निवेश: 1000 रुपये
- Expense Ratio: 0.79%
- रेटिंग: 4
- लॉन्च डेट: 1 जनवरी, 2013
- लॉन्चिंग के बाद से रिटर्न: 17.37%
Nippon India Small Cap Fund
Nippon India Small Cap Fund भी लंबे समय से स्मॉल-कैप कैटेगरी के सबसे चर्चित फंड्स में शामिल रहा है। इस फंड ने 10 साल में 22 फीसदी से ज्यादा सालाना SIP रिटर्न दिया। नियमित निवेश करने वाले निवेशकों के लिए यह स्कीम लंबी अवधि में मजबूत वेल्थ क्रिएटर साबित हुई है। 10 साल के लिए अगर किसी निवेशक ने 10,000 रुपये का एसआईपी करता तो मैच्योरिटी पर उसका इन्वेस्टमेंट वैल्यू 43 लाख रुपये तक का बन जाता। फंड की सबसे बड़ी खासियत इसका डायर्सिफाइड पोर्टफोलियो और मजबूत स्टॉक सिलेक्शन माना जाता है। इसके पोर्टफोलियो में MCX, HDFC Bank, Karur Vysya Bank, Apar Industries और TD Power Systems जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसको लेकर कुछ अहम जानकारियां भी बताते हैं-
- NAV: 196.40
- AUM: 72,673 करोड़ रुपये
- न्यूनतम सिप निवेश: 100 रुपये
- Expense Ratio: 0.63%
- रेटिंग: 4
- लॉन्च डेट: 1 जनवरी, 2013
- लॉन्चिंग के बाद से रिटर्न: 24.06%
यह भी पढ़ें- ₹500 डेली या ₹15,000 महीना: कौन-सा SIP है बेहतर, 20 साल में किससे बन सकता है बड़ा फंड; समझिए गणित
Axis Small Cap Fund
Axis Small Cap Fund ने भी लंबी अवधि में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिए हैं। इस फंड ने 10 साल की SIP पर 20 फीसदी तक का सालाना रिटर्न दिया। यानी नियमित निवेश करने वालों का पैसा समय के साथ कई गुना बढ़ा। अगर 10 साल तक 10000 रुपये की नियमित निवेश की जाती तो रिटर्न पर्सेंट के आधार पर तकरीबन 37.61 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाता। इसके प्रमुख निवेशों में CCL Products, Krishna Institute, JB Chemicals, MCX और City Union Bank जैसी कंपनियां शामिल हैं। इस फंड को लेकर कुछ अहम जानकारियां देखें-
- NAV: 126.61
- AUM: 23,918 करोड़ रुपये
- न्यूनतम सिप निवेश: 100 रुपये
- Expense Ratio: 0.53%
- रेटिंग: 4
- लॉन्च डेट: 29 नवंबर, 2013
- लॉन्च के बाद से रिटर्न: 22.61%
Disclaimer: सभी म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं; ET NOW स्वदेश अपने सभी पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं को सलाह देता है कि वे किसी भी पैसे और निवेश से संबंधित निर्णय लेने से पहले सभी योजना संबंधी दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ें और रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकारों से सलाह लें।

Leave a Reply