सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में हाल ही में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। अब भारतीय टीम की नजर आने वाले बड़े टूर्नामेंट पर है। 2028 टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजेलिस ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट अब भविष्य की तैयारी में जुट गया है। इस समय टी20 की कमान सूर्यकुमार संभाल रहे हैं, वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम मैनेजमेंट टी20 की कप्तानी में बदलाव कर सकती है।
सूर्यकुमार यादव की हालिया खराब फॉर्म और बढ़ती उम्र के बीच कई नए खिलाड़ियों के नाम कप्तानी की रेस में सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टी20 टीम की कमान किस खिलाड़ी के हाथों में जाती है। जानें कौन सी खिलाड़ी लेगा सूर्या की जगह
इस खिलाड़ी को मिल सकती है कप्तानी
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भारतीय टीम की टी20 कप्तानी के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “अजीत अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की चयन समिति संजू सैमसन की लगातार अच्छे प्रदर्शन करने की क्षमता, शांत स्वभाव और टी20 फॉर्मेट में उनकी नेतृत्व क्षमता से काफी प्रभावित है। इसी वजह से उन्हें भविष्य में भारतीय टीम की टी20 कप्तानी के लिए मजबूत ऑप्शन माना जा रहा है।”
संजू सैमसन ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई। शुरुआत में मौका नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। वहीं आईपीएल में संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन उनकी टी20 कप्तानी की दावेदारी को और मजबूत बना रहा है।
सूर्या के फॉर्म पर उठ रहे सवाल
रिपोर्ट्स के अनुसार, मौजूदा आईपीएल सीजन के खत्म होने के बाद संजू सैमसन को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ में भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। लगातार अच्छे प्रदर्शन और शानदार नेतृत्व क्षमता की वजह से उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है। अगर अभी कप्तानी में बदलाव नहीं होता है, तो सूर्या कुछ समय तक टीम के कप्तान बने रह सकते हैं। सूर्या अभी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।
आईपीएल 2026 में सूर्या का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 195 रन बनाए। अमेरिका के खिलाफ एक अच्छी पारी को छोड़ दें, तो टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। इसी वजह से टीम की कप्तानी में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
क्या अय्यर भी है लिस्ट में
श्रेयस अय्यर को भी भारतीय टी20 टीम की कप्तानी का दावेदार माना जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर 2023 के बाद से टी20 टीम से बाहर रहने की वजह से उनके मौके कम हुए हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि कप्तानी से पहले उन्हें टीम में अपनी जगह मजबूत करनी होगी।

Leave a Reply