Vodafone Idea पर बड़ा अपडेट, कारोबार पटरी पर लाने के लिए वोडाफोन ग्रुप बना रहा नई योजना
Vodafone Group Plc अपनी भारतीय सहयोगी कंपनी Vodafone Idea Ltd की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए एक नए प्लान पर काम कर रही है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया जा रहा है जब केंद्र सरकार ने कंपनी के बकाया स्पेक्ट्रम फीस में राहत दी है और कंपनी अपने कारोबार को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक ब्रिटेन की टेलीकॉम कंपनी Vodafone, जिसकी Vodafone Idea में करीब 19 फीसदी हिस्सेदारी है, अपनी कुछ हिस्सेदारी भारतीय कंपनी को ट्रांसफर करने पर विचार कर रही है। यह शेयर ट्रांसफर Vodafone की ओर से सीधे नया कैश निवेश करने के बजाय किया जाएगा।
इस कदम से घाटे में चल रही Vodafone Idea की बैलेंस शीट मजबूत होगी और कंपनी को कर्ज जुटाने में मदद मिलेगी। बाद में Vodafone Idea इन शेयरों को बेचकर अतिरिक्त कैपिटल जुटा सकती है, जिसका इस्तेमाल सरकार के बकाया भुगतान और भविष्य में बिजनेस विस्तार के लिए किया जा सकता है। कंपनी खासतौर पर Reliance Jio जैसे प्रतिद्वंद्वियों से खोया हुआ मार्केट शेयर वापस पाने की कोशिश कर रही है।
35,000 करोड़ रुपये का कर्ज जुटाने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार Vodafone Idea करीब 35,000 करोड़ रुपये का कर्ज जुटाने के लिए बैंकों के साथ बातचीत कर रही है। बताया जा रहा है कि State Bank of India इस लोन कंसोर्टियम का नेतृत्व कर सकता है। कर्ज का बड़ा हिस्सा टर्म लोन के रूप में हो सकता है।
फिलहाल भारत सरकार Vodafone Idea की सबसे बड़ी शेयरधारक है और उसके पास कंपनी की करीब 49 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं कुमार मंगलम बिड़ला के आदित्य बिड़ला ग्रुप की भी कंपनी में हिस्सेदारी है। पिछले 12 महीनों में Vodafone Idea के शेयरों में करीब 68 फीसदी की तेजी आई है, जिससे कंपनी का मार्केट वैल्यू करीब 12.9 अरब डॉलर पहुंच गया है।
रिपोर्ट के अनुसार हालांकि सूत्रों का कहना है कि इस प्रस्ताव पर अभी काम जारी है और डील की संरचना में आगे बदलाव संभव हैं। Vodafone ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है, जबकि Vodafone Idea की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
(Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply