stock-markett.online
कुदरत का अनोखा चमत्कार! न गर्मी, न आम का सीजन…फिर भी बाजार में कैसे पहुंचा केसर आम, ₹14,500 रुपये में बिका एक बॉक्स
कुदरत का अनोखा चमत्कार! न गर्मी, न आम का सीजन…फिर भी बाजार में कैसे पहुंचा केसर आम, ₹14,500 रुपये में बिका एक बॉक्स

कुदरत का अनोखा चमत्कार! न गर्मी, न आम का सीजन…फिर भी बाजार में कैसे पहुंचा केसर आम, ₹14,500 रुपये में बिका एक बॉक्स

फलों का राजा कहा जाने वाला आम आमतौर पर गर्मियों के मौसम में बाजार में मिलता है। इसका सीजन खत्म होने के बाद लोग अगले साल इसका इंतजार करते हैं। लेकिन गुजरात के पोरबंदर में एक हैरान कर देने वाले नजारा देखने को मिला। यहां गर्मियों में मिलने वाला फेमस केसर आम अक्टूबर में ही बाजार पहुंच गया। पोरबंदर मार्केटिंग यार्ड में केसर आम के चार बॉक्स नीलामी के लिए पहुंचे हैं। हर बॉक्स में 10 किलो आम हैं, यानी कुल 40 किलो आम बाजार में आए हैं। नीलामी में आम की कीमत 1,450 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। मौसम से पहले ही केसर आम की आवक ने सबको हैरान कर दिया। आइए जानते हैं इसके बारे में

हर कोई रह गया हैरान

गुजरात के गिर-सोमनाथ जिले के केसर आम अपने मीठे स्वाद और अच्छी खुशबू के लिए देश-विदेश में मशहूर हैं। वहीं पोरबंदर में इस बार मौसम से पहले ही केसर आम बाजार में पहुंच गए हैं। बर्दा क्षेत्र के राणावाव और हनुमानगढ़ गांवों से केसर आम के चार बॉक्स पोरबंदर मार्केटिंग यार्ड की सुदामा फ्रूट कंपनी में नीलामी के लिए लाए गए। आमतौर पर केसर आम गर्मियों में पकते हैं और अप्रैल-मई के दौरान बाजार में इनकी आवक बढ़ती है। ऐसे में नवरात्रि और शरद पूर्णिमा के तुरंत बाद आम का बाजार में पहुंचना व्यापारियों और ग्राहकों के लिए हैरानी की बात रही। सीजन से कई महीने पहले केसर आम की इस आवक ने सभी का ध्यान खींचा है।

कितनी थी आम की कीमत

पोरबंदर की सुदामा फ्रूट कंपनी में केसर आमों की नीलामी की शुरुआत नारियल फोड़कर और मिठाई बांटकर की गई। कंपनी में नितिन दसानी ने इन आमों की नीलामी करवाई। इस दौरान आमों की कीमत को लेकर खरीदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। नीलामी में 10 किलो के एक बॉक्स की कीमत 14,500 रुपये लगी, यानी आमों का भाव 1,450 रुपये प्रति किलो रहा। वहीं केसर आम के दो अन्य बॉक्स 1,425 रुपये प्रति किलो के भाव से बिके, जिनकी कुल कीमत 28,500 रुपये रही।

वहीं, चौथे बॉक्स की बिक्री 1,050 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 10,500 रुपये में हुई। इन चार बॉक्स में से एक राजकोट और एक पोरबंदर के व्यापारियों ने खरीदा, जबकि बाकी दो बॉक्स ब्रिटेन (UK) में निर्यात करने के लिए खरीदे गए। सीजन से पहले बाजार में पहुंचे इन आमों को मिली ऊंची कीमत और विदेश भेजने की तैयारी ने इस नीलामी को खास बना दिया।

समय से पहले कैसे आया आम

इस साल मानसून के दौरान कम बारिश और उसके बाद पड़ी तेज गर्मी को केसर आम के समय से पहले आने की एक वजह माना जा रहा है। मौसम में हुए बदलाव के कारण सावन महीने में ही आम के पेड़ों पर फूल खिलने लगे, जिससे फल सामान्य समय से पहले तैयार हो गए और बाजार तक पहुंच गए। वहीं, बाजार में इतनी जल्दी केसर आम पहुंचने से व्यापारी भी हैरान हैं और इसे कुदरत का अनोखा कमाल मान रहे हैं।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *