ज्वैलरी डिमांड से चमकेगा टाटा ग्रुप की इस कंपनी का शेयर? ब्रोकरेज को 20% अपसाइड की उम्मीद, 3 महीने में 25% दिया रिटर्न
Titan Share Price: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी Titan Company के शेयर पर ब्रोकरेज हाउस Motilal Oswal Financial Services (MOFSL) ने अपना भरोसा कायम रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 6,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, मजबूत ज्वैलरी डिमांड, बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी और स्टोर नेटवर्क के विस्तार से कंपनी की ग्रोथ को आने वाले वर्षों में मजबूती मिल सकती है। मौजूदा स्तर (5,021 रुपये एनएसई पर) से 6,000 रुपये (Titan Share Price Target) के टारगेट को देखें तो शेयर में करीब 20 फीसदी तक संभावित रिटर्न की गुंजाइश बनती है। हालांकि, यह ब्रोकरेज का अनुमानित टारगेट है और इसे निश्चित रिटर्न की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए।
ज्वैलरी डिमांड बनी सबसे बड़ी ग्रोथ ड्राइवर
MOFSL का मानना है कि Titan के लिए ज्वैलरी कारोबार आने वाले वर्षों में सबसे अहम ग्रोथ इंजन बना रहेगा। कंपनी की ज्वैलरी मार्केट हिस्सेदारी FY26 में बढ़कर करीब 8.5 फीसदी हो गई है। अब कंपनी का लक्ष्य FY30 तक इसे लगभग 11 फीसदी तक पहुंचाने का है। ब्रोकरेज के मुताबिक, ज्वैलरी की मांग फिलहाल मजबूत बनी हुई है।
अलग-अलग क्षेत्रों में खरीदारों की संख्या में सुधार और फेस्टिव सीजन के दौरान बेहतर खरीदारी कंपनी के कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत हैं। इसके अलावा भारतीय ज्वैलरी बाजार में तेजी से हो रहा फॉर्मलाइजेशन भी Titan के पक्ष में जा रहा है। Hallmarking और पारदर्शिता को लेकर बढ़ती जागरूकता से ग्राहक संगठित और भरोसेमंद ब्रांड्स की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। Tanishq जैसे मजबूत ब्रांड को इस बदलाव का सीधा फायदा मिल सकता है।
FY30 तक 1,400 स्टोर्स का लक्ष्य
Titan अपने ज्वैलरी कारोबार का विस्तार केवल मौजूदा बाजारों में ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों में भी करना चाहती है। कंपनी के पास FY26 में 824 ज्वैलरी स्टोर्स थे, जिन्हें FY30 तक बढ़ाकर करीब 1,400 करने का लक्ष्य है। ब्रोकरेज के अनुसार तमिलनाडु कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बना हुआ है। वहीं Tanishq के लिए छोटे शहरों में विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। स्टोर नेटवर्क बढ़ने से कंपनी को नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
FY30 तक 20% रेवेन्यू CAGR की उम्मीद
Titan मैनेजमेंट को FY30 तक करीब 20 फीसदी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू CAGR हासिल करने का भरोसा है। इसके पीछे स्टोर विस्तार, बेहतर एग्जीक्यूशन और ज्वैलरी कारोबार की बढ़ती हिस्सेदारी प्रमुख कारण हैं। MOFSL ने FY26-FY29E के लिए कंपनी की ग्रोथ का अनुमान भी मजबूत रखा है। ब्रोकरेज को इस अवधि में करीब 17 फीसदी Sales CAGR, 21 फीसदी EBITDA CAGR और 23 फीसदी APAT CAGR की उम्मीद है। खास बात यह है कि कंपनी मध्यम अवधि में ज्वैलरी कारोबार का EBIT मार्जिन करीब 11 फीसदी बनाए रखने को लेकर भी सहज है। यानी कंपनी तेज विस्तार के साथ प्रॉफिटेबिलिटी को भी संतुलित रखने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- Crude Oil Price: नहीं थम रही तेजी! Brent 108 डॉलर के पार, WTI भी 104 के करीब, US-Iran तनाव से उबली कीमतें
Mia और Zoya भी बढ़ा रहे ग्रोथ का दायरा
Titan के पोर्टफोलियो में Tanishq के अलावा Mia और Zoya जैसे ब्रांड भी तेजी से अहम हो रहे हैं। Mia ने 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं प्रीमियम ज्वैलरी ब्रांड Zoya का लक्ष्य FY27 में 500 करोड़ रुपये की बिक्री हासिल करना है। इन ब्रांड्स की ग्रोथ Titan को प्रीमियमाइजेशन के ट्रेंड का फायदा दिला सकती है। खासकर ऐसे समय में जब ग्राहक ब्रांड, डिजाइन और क्वालिटी के लिए प्रीमियम भुगतान करने को तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- NSE IPO: खत्म हुआ इंतजार! एनएसई ने तय किया प्राइस बैंड, इस दिन खुलेगा 22,568 करोड़ रुपये का इश्यू, 200 के करीब पहुंचा GMP
अभी क्या है शेयर का हाल?
टाइटन कंपनी का शेयर फिलहाल 5,021 रुपये (Titan Share Price) पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ। महीने भर में स्टॉक का भाव 2 फीसदी तक टूटा है। हालांकि, 3 महीने के दौरान इसमें 25 फीसदी की तेजी आई है। 6 महीने और 1 साल के दौरान स्टॉक ने क्रमश: 20 फीसदी और 39 फीसदी का रिटर्न दिया है। स्टॉक का 52 वीक हाई और लो स्तर क्रमश: 5,186.70 रुपये और 3,303 रुपये रहा। कंपनी का मार्केट कैप 4,44,781 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply