फेसबुक पर लंदन की लूसी से दोस्ती पड़ी मंहगी! ग्वालियर के ठेकेदार से गंवाए 1.27 लाख,
मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक ठेकेदार को सोशल मीडिया पर दोस्ती महंगी पड़ गई। फेसबुक पर संपर्क करने वाली एक महिला ने पहले बातचीत कर उसका भरोसा जीता और फिर जल्द भारत घूमने आने की बात कही। साथ में महंगे तोहफे लाने का लालच देकर ठगी का ऐसा जाल बुना कि ठेकेदार 1.23 लाख रुपये गंवा बैठा। वहीं अब ठगी की जानकारी के बाद ठेकेदार , ग्वालियर पुलिस तके पास पहुंचा है।
फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक व्यक्ति से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक नकली फेसबुक प्रोफाइल के जरिए उससे करीब 1.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की पहचान कमलकांत यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ठेकेदार हैं। बताया गया कि 24 अप्रैल को कमलकांत यादव ने फेसबुक पर “लूसी चार्ल्स” नाम की प्रोफाइल से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार की थी। इसके बाद उनकी बातचीत शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, महिला ने धीरे-धीरे उनसे दोस्ती बढ़ाई और बाद में “डॉ. पैट्रिशिया आर मेडिसिन” नाम का इस्तेमाल करते हुए बातचीत को व्हाट्सऐप पर ले गई। बातचीत के दौरान उसने खुद को लंदन की रहने वाली बताया और कहा कि वह भारत आने की योजना बना रही है।
महिला ने दिया ये लालच
महिला ने कथित तौर पर कमलकांत यादव से कहा कि वह भारत में 95 हजार ब्रिटिश पाउंड लेकर आएगी और उसे इस रकम को भारतीय रुपये में बदलने में मदद चाहिए। यादव को लगा कि करेंसी एक्सचेंज के जरिए उसे अच्छा कमीशन मिल सकता है, इसलिए वह उससे लगातार बातचीत करता रहा। 27 अप्रैल को यादव को एक दूसरी महिला का फोन आया। उसने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कर्मचारी बताया। महिला ने कहा कि यादव के नाम पर विदेशी मुद्रा वाला एक पार्सल आया है, जिसे छुड़ाने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी। इसके बाद ठगों ने रजिस्ट्रेशन, क्लीयरेंस और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर यादव से पैसे ठग लिए।
मामले पर पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, कमलकांत यादव ने सबसे पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 38,500 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग लेनदेन के जरिए उनसे करीब 88,600 रुपये और ले लिए गए। इस तरह कुल ठगी की रकम लगभग 1.27 लाख रुपये पहुंच गई। बताया गया कि यादव को तब शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हो रही है, जब आरोपियों ने उनसे 70 हजार रुपये और मांगे। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत धोखाधड़ी का ई-जीरो एफआईआर दर्ज किया है। झांसी रोड पुलिस थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Leave a Reply