Gujarat Road Accident: गुजरात में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 5 महिलाओं समेत 7 की मौत
Last Updated on April 13, 2026 10:53, AM by Pawan
Gujarat Road Accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार को हुए एक भयंकर सड़क हादसे ने सबको हिला कर रख दिया है। यहां पर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। इस घटना की जानकारी पुलिस ने दी।
लखतर पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरामगाम राजमार्ग पर रात करीब 1:30 बजे घटी, जब श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी मंदिर में पूजा करने के लिए जुलूस के हिस्से के रूप में पैदल जा रहा था। तभी जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया।
5 महिलाएं और 2 पुरुष की मौत
उन्होंने बताया कि छह तीर्थयात्री और सड़क किनारे खड़े एक डंपर के चालक की मौत हो गई, जिनमें 5 महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे।
बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला
उन्होंने कहा, “ये सभी तीर्थयात्री पैदल चल रहे थे तभी यह हादसा हुआ। वे बहुचराजी के एक मंदिर में प्रार्थना करने के लिए पैदल निकले थे, तभी पीछे से आज रहा तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो गया और सभी श्रद्धालुओं को कुचल दिया।”
बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
इस घटना में कई लोग ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गए। इस भीषण हादसे से अंदेशा जताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। इस घटना में ट्रक ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल ट्रक ड्राइवर सहित 4 लोगों को गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है।
