अमेरिका और ईरान के बीच सरपंच बनने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के शेयर मार्केट का लेटेस्ट हाल जान लीजिए
Last Updated on April 13, 2026 11:27, AM by Pawan
Pakistan Stock Exchange: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान बातचीत का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। सीजफायर के ऐलान से लेकर इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता तक, फिलहाल पाकिस्तान दुनिया में शांतिदूत बनने की जुगत में लगा हुआ है। इसका असर उसके शेयर बाजार पर भी साफ झलक रहा है। पाकिस्तान के शेयर बाजार (PSX) के लिए बीता हफ्ता राहत और रिकॉर्ड बढ़त लेकर आया।
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता से हुए अस्थायी सीजफायर ने निवेशकों के डर को खत्म कर दिया, जिससे कराची स्टॉक एक्सचेंज में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। इसके साथ ही बाजार में पिछले 10 हफ्तों से चला आ रहा गिरावट का सिलसिला भी थम गया।
इतिहास की सबसे बड़ी वीकली और एकदिनी बढ़त
बेंचमार्क KSE-100 इंडेक्स ने बीते हफ्ते जबरदस्त वापसी की है। एक वीक में इंडेक्स 11.2% (16,793 अंक) बढ़कर 167,191 के स्तर पर बंद हुआ। यह मई 2025 के बाद की सबसे बड़ी वीकली तेजी है। वहीं बुधवार के सत्र में बाजार ने तो इतिहास रच दिया। इंडेक्स एक ही दिन में 14,138 अंक (9.32%) उछला। यह PSX के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-डे बढ़त है। ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी सुधार हुआ और यह बढ़कर 9.18 करोड़ शेयर रहा, जबकि रोजाना का कारोबार करीब 41 अरब रुपये तक पहुंच गया।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का मिला फायदा
वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने का सीधा असर तेल की कीमतों पर पड़ा, जिससे बाजार को मजबूती मिली। ब्रेंट क्रूड और WTI में इस हफ्ते करीब 12% की भारी गिरावट आई और ये $96-$97 प्रति बैरल के आसपास आ गए। तेल सस्ता होने से महंगाई की चिंताएं कम हुईं, जिसका सकारात्मक असर सीमेंट, इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल जैसे सेक्टर्स पर दिखा।
अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर मिली-जुली खबरें
बाजार की तेजी के बीच पाकिस्तान की इकोनॉमी से जुड़े कुछ अहम आंकड़े भी सामने आए। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार थोड़ा बढ़कर $16.4 बिलियन हो गया। पाकिस्तान ने 8 अप्रैल को $1.3 बिलियन का यूरोबॉन्ड और उस पर लगने वाले ब्याज का भुगतान कर दिया। वहीं मार्च में प्रवासी पाकिस्तानियों ने $3.8 बिलियन रेमिटेंस भेजे। यह पिछले महीने की तुलना में 17% ज्यादा है। हालांकि, इन सब के बीच विश्व बैंक ने पाकिस्तान की विकास दर (GDP) का अनुमान घटाकर 3% कर दिया है।
किन सेक्टर्स में रही सबसे ज्यादा तेजी?
बाजार में आई इस ‘बुल रन’ की कमान इन सेक्टर्स ने संभाली:
- सीमेंट: 17.3% की बढ़त
- इंजीनियरिंग: 16.9% की बढ़त
- टेक्सटाइल: 13.8% की बढ़त
