stock market
Q4 नतीजों के बाद ICICI Bank का बयान- पश्चिम एशिया वॉर का अभी तक कारोबार पर असर नहीं

Q4 नतीजों के बाद ICICI Bank का बयान- पश्चिम एशिया वॉर का अभी तक कारोबार पर असर नहीं

Last Updated on April 18, 2026 20:33, PM by Pawan

देश के प्राइवेट सेक्टर के दूसरे सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने शनिवार को तिमाही नतीजों के बाद कहा कि पश्चिम एशिया में जारी वॉर का अभी तक उसके कारोबार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और यह कहना जल्दबाजी होगी कि इसका कॉरपोरेट, छोटे व्यवसायों के कर्ज या रेमिटेंस पर कोई असर पड़ेगा या नहीं। बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप बत्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का बैंकिंग सेक्टर पर पूरा असर क्या होगा, इसका अंदाजा लगाना अभी जल्दबाजी होगी।

उन्होंने कहा कि लिक्विडिटी की स्थिति और जियोपॉलिटिकल घटनाक्रम ही आखिरकार इसका नतीजा तय करेंगे। मार्च तिमाही नतीजों के बाद हुई मीडिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए बत्रा ने कहा कि ICICI Bank अब तक अपने मार्जिन को स्टेबल बनाए रखने में कामयाब रहा है। हालांकि फ्यूचर ट्रेंड्स के बारे में अभी अधिक साफ नहीं है।

अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है

उन्होंने कहा कि इसका असर कितना होगा, यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि यह स्थिति कितने समय तक बनी रहती है। उन्होंने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने भी यह माना है कि अर्थव्यवस्था पर इसका कुछ असर पड़ सकता है। बत्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया की घटनाओं का दुनिया पर कुछ न कुछ असर जरूर पड़ेगा लेकिन कॉरपोरेट भारत फिर से विकास की ओर लौटेगा। उन्होंने यह जवाब उस सवाल के दौरान दिया जिसमें पूछा गया था कि क्या बैंक को कंपनियों द्वारा निवेश निर्णय टालने के संकेत मिल रहे हैं।

बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, ICICI Bank के पास पर्याप्त लिक्विडिटी और कैपिटल है जिससे वह हाई क्वालिटी कस्टर्म को सेवा देने के लिए अच्छी स्थिति में है। उन्होंने आगे कहा, कि हमें अपने सामने अच्छे अवसर नज़र आ रहे हैं, जिससे बैंक की अपनी लोन बुक को चुनिंदा तरीके से बढ़ाने की क्षमता पर उनका भरोसा जाहिर होता है।

मार्च तिमाही में मुनाफा बढ़ा

मार्च तिमाही के दौरान बैंक का मुनाफा बढ़कर 13702 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो एक साल पहले इस तिमाही में 12630 करोड़ रुपये पर था। बैंक के मुनाफे में यह बढ़ोतरी 8.4 फीसदी की है। ET now के पोल में 12677 करोड़ रुपये मुनाफे का अनुमान लगाया गया था। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम में भी बढो़तरी देखने को मिली है, जो मार्च तिमाही में 22979 करोड़ रुपये पर रही, जो एक साल पहले इस तिमाही में 21193 करोड़ रुपये से 8.4 फीसदी की बढ़ोतरी है।