Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर माता लक्ष्मी के स्वागत के लिए मुख्य दरवाजे को इन पत्तों के तोरण से सजाएं, जानें इस दिन किन चीजों की खरीदने से बचें
Last Updated on April 18, 2026 20:33, PM by Pawan
Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया का दिन हिंदू धर्म में अत्यंत प्रभावशाली दिनों में से एक माना जाता है। इस दिन पूरे दिन अबूझ मुहूर्त माना जाता है यानी इस दिन कोई भी शुभ काम करने के लिए मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती है। ये पर्व हर साल वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन लोग व्रत, पूजा-पाठ और दान करना बहुत शुभ मानते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता लक्ष्मी और कुबेर की पूजा करने से जीवन से पैसों की तंगी दूर होती है और समृद्धि आती है। यह दिन अखंड सौभाग्य और खुशहाली के लिए उपाय करने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
इस दिन माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए सोना-चांदी, नई गाड़ी, संपत्ति आदि खरीदते हैं। माना जाता है कि बहुमूल्य चीजे खरीदने से माता लक्ष्मी की कृपा से इसमें अक्षय वृद्धि होती है। लोग माता लक्ष्मी का अपने घर में स्वागत करने के लिए तरह-तरह से सजाते हैं और मुख्य द्वार पर तारण भी लगाते हैं। आइए जानें इस दिन किस पत्ते का तोरण मुख्य द्वार पर लगाना शुभ होता है? साथ ही इस दिन किन चीजों की खरीदारी करने बचना चाहिए ?
साल 2026 में कब है अक्षय तृतीया?
पंचांग के अनुसार, वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से शुरू होगी और 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 27 मिनट तक रहेगी।
पूजा का शुभ मुहूर्त
इस बार पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस समय मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करना बेहद फलदायी होगा। आप इस दौरान घर में सुख-समृद्धि और धन की वृद्धि के लिए विशेष पूजा कर सकते हैं।
मुख्य द्वार पर लगाएं आम या अशोक के पत्तों का तोरण
धार्मिक मान्यता के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन धन की देवी माता लक्ष्मी की पूजा करने का विधान है। माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए आप घर के मुख्य दरवाजे पर आम और अशोक के पत्तों का तोरण लगा सकते हैं। माना जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर तोरण लगाने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती हैं और घर में सकारात्मकता आती है। इसके साथ ही धन की कमी भी दूर होती है।
अक्षय तृतीया पर इन चीजों की खरीदारी से बचें
अक्षय तृतीया पर शुभ धातुओं को खरीदने की मान्यता हैं। इस दिन एल्युमिनियम, स्टील और प्लास्टिक की चीजों को घर लाना शास्त्र सम्मत नहीं माना जाता है। साथ ही, इस दिन चाकू, कैंची या अन्य नुकीली चीजें खरीदने से बचना चाहिए। ऐसी वस्तुएं घर में तनाव और विवाद का कारण बन सकती हैं, इसलिए इस दिन इनसे दूरी रखना बेहतर होता है। इसके अलावा इस दिन काले कपड़े या अन्य काली चीजें नहीं खरीदनी चाहिए। मान्यता है कि काला रंग नकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा होता है, जो इस शुभ दिन के प्रभाव को कम कर सकता है।
