stock market
IPL 2026: ‘पंचिंग बैग बना दो…’  ऋषभ पंत के साथ वायरल वीडियो पर संजीव गोयनका ने क्यों कही ये बात

IPL 2026: ‘पंचिंग बैग बना दो…’ ऋषभ पंत के साथ वायरल वीडियो पर संजीव गोयनका ने क्यों कही ये बात

Last Updated on April 18, 2026 22:58, PM by Pawan

लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका का हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इस वायरल हो रहे वीडियो में संजीव गोयनका लखनऊ की हार के बाद मैदान पर टीम के कप्तान ऋषभ पंत से बात करते हुए नजर आ रहे थे। इस वीडियो को लेकर संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत के बीच अनबन के कयास लगाए जा रहे थे।। हालांकि बाद में टीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर साफ किया कि ऐसी कोई समस्या नहीं है और हालात सामान्य हैं। वहीं अब इस पर टीम के मालिक संजीव गोयनका ने अपना रिएक्शन दिया है।

संजीव गोयनका ने क्या कहा

अब इस मामले में संजीव गोयनका ने खुद सामने आकर इस मामले पर सफाई दी। NDTV से बातचीत करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के सह-मालिक ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग अक्सर बातों का गलत मतलब निकाल लेते हैं। उन्होंने साफ कहा, “ऋषभ के साथ कभी भी ‘डांट’ जैसी कोई स्थिति नहीं रही। सोशल मीडिया पर ‘संजीव गोयनका उंगली उठा रहे हैं’ जैसे वीडियो बनाकर लोग सिर्फ व्यूज हासिल करना चाहते हैं। इसलिए आसान होता है कि संजीव गोयनका को पंचिंग बैग बना दो।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं एक ऐसा इंसान हूं जो नैचुरली इशारों में बात करता है। इसलिए, मैं अपने हाथ पीछे रखना सीख रहा हूं, क्योंकि किसी भी चीज को अलग एंगल से दिखाकर उसका मतलब बदला जा सकता है और उसे कॉन्टेक्स्ट से बाहर भी ले जाया जा सकता है।”

एआई का गलत इस्तेमाल हो रहा

संजीव गोयनका ने यह भी कहा कि आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का गलत इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है, जिससे लोग असली वीडियो या पलों को बदलकर उनका अलग रूप तैयार कर लेते हैं। उन्होंने आगे कहा, “बहुत सारे मॉर्फ्ड वर्जन हैं, बहुत सारे एआई से बनाए गए वर्जन हैं, लेकिन यही सब है। मेरा मतलब है, मैं क्या कर सकता हूं? मैं सिर्फ वैसा ही रह सकता हूं जैसा मैं हूं और दिन के आखिर में मुझे खुद को लेकर पूरी तरह साफ समझ है।”

कप्तानों को सलाह देने की बात पर कहा

वायरल वीडियो के बाद लोगों को लगने लगा था कि संजीव गोयनका अपने कप्तानों को क्रिकेट सिखाने की कोशिश करते हैं। लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक ने इस बात को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि ऐसा सोचना बेवकूफी है। उन्होंने कहा, “जिस इंसान ने कभी सच में क्रिकेट नहीं खेला, उसके लिए अपने खिलाड़ियों को यह बताना कि कैसे खेलना है, बेवकूफी होगी। मेरे पास इसके लिए एक्सपर्ट्स की एक बड़ी टीम मौजूद है।”

बता दें इससे पहले केएल राहुल के साथ उनकी बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बाद में जब केएल राहुल टीम से अलग हो गए, तो पिछले सीजन में ऋषभ पंत के साथ भी उनकी इसी तरह की बातचीत सामने आई, जिसने फिर से सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी।