Ek Din box office collection day 1: नहीं चला जुनैद खान और साई पल्लवी के प्यार का मैजिक, पहले दिन ही फिल्म का हुआ बुरा हाल
Last Updated on May 2, 2026 10:53, AM by Pawan
Ek Din box office collection day 1: सुनील पांडे का रोमांटिक ड्रामा 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुका है। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे दर्शकों से कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर यह फ़िल्म अपने पहले दिन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही और ‘लवेयापा’ (2025) और ‘लव स्टोरी’ (2021) जैसी फ़िल्मों के शुरुआती आंकड़ों को भी पार नहीं कर पाई।
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, ‘एक दिन’ ने भारत में अपने ओपनिंग डे पर ₹0.81 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 14% रही। दूसरी रोमांटिक फिल्मों की तुलना में, जुनैद और साई की इस फिल्म की शुरुआत थोड़ी फीकी रही।
जुनैद की पहली थिएटर रिलीज़ ‘लवेयापा’ (Loveyapa), जो बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, ने भी ₹1.15 करोड़ की ओपनिंग की थी। वहीं, साई की हिट तेलुगू फिल्म ‘लव स्टोरी’ ने अपने ओपनिंग डे पर ₹9.05 करोड़ का कलेक्शन किया था। और यह फिल्म हिंदी सिनेमा के अब तक के सबसे सफल रोमांटिक ड्रामा ‘सैयारा’ (2025) के आस-पास भी नहीं पहुंच पाई है, जिसने ₹21.50 करोड़ की ओपनिंग की थी।
‘एक दिन’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म के साथ साई ने बॉलीवुड में डेब्यू किया है, जबकि जुनैद की यह दूसरी थिएटर रिलीज़ है। यह 2016 की थाई फिल्म ‘वन डे’ (One Day) का रीमेक है। पहले इसे नवंबर 2025 में रिलीज़ करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज़ डेट मई तक आगे बढ़ा दी गई।
फिल्म की कहानी दिनेश (जुनैद खान) के ईर्द-गिर्द बुनी गई है। दिनेश एक कपंनी के आईटी डिपार्टमेंट में नौकरी कर रहा है। देखने में ठीक-ठाक ही दिखता है। लेकिन ऑफिस और बाहर कोई लड़की उसे देखती तक नहीं है। लेकिन दिनेश को उसके ऑफिस में काम करने वाली मीरा ( साई पल्लवी) प्यार हो जाता है। वह मीरा को पागलों की तरह चाहने लगता है। लेकिन मीरा का चक्कर अपने शादीशुदा बॉस से होता है। इन सबके बीच ऑफिस सबको जापान ट्रिप पर ले जाता है। वहां एक विश पूरी करने वाले घंटे से दिनेश ये मन्नत मांगता है कि मीरा एक दिन के लिए उसकी हो जाए। अब ये कब कैसे होता है…सब आपको फिल्म देखने के बाद पता चलेगा।
