stock market
SBI Q4 Results 2026: मई में इस दिन आएंगे देश के सबसे बड़े बैंक के नतीजे, मुनाफे के साथ डिविडेंड पर भी रहेगी नजर

SBI Q4 Results 2026: मई में इस दिन आएंगे देश के सबसे बड़े बैंक के नतीजे, मुनाफे के साथ डिविडेंड पर भी रहेगी नजर

Last Updated on May 2, 2026 15:58, PM by Pawan

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के चौथी तिमाही के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बैंक ने घोषणा की है कि 8 मई 2026 को Q4 FY26 के रिजल्ट जारी किए जाएंगे। साथ ही इसी दिन होने वाली बोर्ड मीटिंग में डिविडेंड पर भी फैसला लिया जा सकता है। ऐसे में निवेशकों और शेयरधारकों के लिए यह तारीख काफी अहम बन गई है। ऐसे में बाजार में इसको लेकर उत्साह बना हुआ है।

8 मई को बोर्ड मीटिंग, रिजल्ट के साथ अहम फैसले

SBI ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया है कि बैंक के सेंट्रल बोर्ड की बैठक 8 मई 2026, शुक्रवार को मुंबई में होगी। इस बैठक में 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजों को मंजूरी दी जाएगी।

हालांकि बैंक ने रिजल्ट जारी करने का सटीक समय नहीं बताया है, लेकिन पिछली तिमाही के ट्रेंड को देखें तो Q3 FY26 के नतीजे 7 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:53 बजे जारी किए गए थे। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार भी नतीजे दोपहर के आसपास ही आ सकते हैं।

रिजल्ट जारी होने के बाद उसी दिन शाम 5:15 बजे एनालिस्ट मीट आयोजित की जाएगी। इस मीटिंग में बैंक के अधिकारी निवेशकों और विश्लेषकों के साथ बैंक के प्रदर्शन, ग्रोथ और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

डिविडेंड पर नजर, शेयर की चाल भी अहम

SBI ने अपनी फाइलिंग में यह भी साफ किया है कि 8 मई की बोर्ड मीटिंग में डिविडेंड पर भी विचार किया जाएगा। यानी अगर बैंक का प्रदर्शन मजबूत रहता है, तो शेयरधारकों को कैश डिविडेंड का फायदा मिल सकता है। हालांकि फिलहाल यह तय नहीं है कि डिविडेंड घोषित होगा या नहीं।

SBI देश का सबसे बड़ा पब्लिक सेक्टर बैंक है और इसका मार्केट कैप करीब 9.85 लाख करोड़ रुपये है। यह BSE सेंसेक्स का भी हिस्सा है, जिससे इसकी बाजार में अहम भूमिका रहती है।

शेयर बाजार की बात करें तो हाल ही में SBI के शेयर में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। गुरुवार को इसका शेयर 1068 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से करीब 1.69% कम है। अब निवेशकों की नजर 8 मई पर टिकी है। बैंक के नतीजे और डिविडेंड का फैसला आने वाले समय में शेयर की दिशा तय कर सकता है। अगर नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे और डिविडेंड का ऐलान होता है, तो शेयर में फिर से तेजी देखने को मिल सकती है।