Kotak Mahindra Bank Q4 Results: मुनाफा 13 फीसदी बढ़ा, एसेट क्वालिटी सुधरी-निवेशकों के लिए डिविडेंड का ऐलान
Last Updated on May 2, 2026 15:58, PM by Pawan
Kotak Mahindra Bank ने मार्च 2026 में समाप्त तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। प्राइवेट सेक्टर के बैंक ने तिमाही नतीजों के साथ अपने निवेशकों के लिए डिविडेंड का ऐलान भी किया है। एक्सचेंज को दी जानकारी में बैंक ने कहा कि तिमाही के दौरान बैंक का मुनाफा बढ़कर 4027 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो एक साल पहले इस तिमाही में 3552 करोड़ रुपये से 13 फीसदी की बढ़ोतरी है। तिमाही आधार पर बैंक के मुनाफे में 17 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
कोटक महिंद्रा बैंक की मार्च तिमाही में नेट इंटरेस्ट इनकम साल दर साल 8 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 7875 करोड़ रुपये पर रही, जो एक साल पहले इस तिमाही में 7284 करोड़ रुपये पर थी। तिमाही आधार पर बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम में 4 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। बैंक ने कहा कि प्रोविजंस 516 करोड़ रुपये पर रहा,जो पिछले साल इस तिमाही में 909 करोड़ रुपये पर था। यानी साल दर साल इसमें 43 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
एसेट क्वालिटी में सुधार
तिमाही के दौरान बैंक की एसेट क्वालिटी में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। ग्रॉस एनपीए गिरकर 1.20 फीसदी पर आ गया है, जो पिछली तिमाही में 1.30 फीसदी पर था। इस दौरान नेट एनपीए तिमाही दर तिमाही 0.31 फीसदी से गिरकर 0.25 फीसदी पर आ गया है।
डिविडेंड का ऐलान
बैंक ने तिमाही नतीजों के साथ निवेशको के लिए प्रति इक्विटी शेयर 0.65 रुपये (65 पैसे) के डिविडेंड का ऐलान किया है। बैंक ने कहा कि यह डिविडेंड 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के मुनाफे से दिया जाएगा, हालांकि इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी AGM में जरूरी होगी। बैंक ने बताया कि AGM की तारीख रिकॉर्ड डेट और डिविडेंड भुगतान की तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी।
शेयर का प्रदर्शन
कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 0.46 फीसदी की तेजी के साथ 383.75 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में बैंक के शेयर में 12.19 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि पिछले एक महीने में बैंक के शेयर में 7.19 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। स्टॉक market news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)
