IMD Heavy rain alert: इन राज्यों में भयानक तूफानी बारिश, बवंडर का अलर्ट जारी, 3 से 6 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
Last Updated on May 2, 2026 21:21, PM by Pawan
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के 25 राज्यों के लिए भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 3 से 6 मई के दौरान मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। जहां तूफानी हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
उत्तर-पश्चिम भारत: धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि
- उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बिगड़ने वाला है:
- पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 मई तक व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 3 मई, हिमाचल में 4 मई और उत्तराखंड में 4-5 मई को ओलावृष्टि का अलर्ट है।
- मैदानी राज्य: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 4 और 5 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में 4 मई को धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है।
- उत्तर प्रदेश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3-6 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4-7 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
पूर्वी और मध्य भारत: बिहार-झारखंड में बवंडर का खतरा
- पूर्वी भारत के राज्यों में भीषण तूफान और बारिश का पूर्वानुमान है:
- बिहार, झारखंड और ओडिशा: इन राज्यों में अगले 7 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 4 और 5 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से बवंडर आ सकता है। झारखंड और बिहार में 4 मई को ओले गिरने की भी संभावना है।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम: यहां 2 मई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। साथ ही 4-5 मई को तीव्र तूफान की चेतावनी दी गई है।
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 3-6 मई के बीच 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत: भारी से बहुत भारी बारिश
- पूर्वोत्तर के राज्यों में मानसून पूर्व की बारिश आफत बन सकती है:
- असम, मेघालय और नागालैंड: इन राज्यों के साथ-साथ मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 मई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
- अरुणाचल प्रदेश: यहां 2 से 4 मई के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत: केरल और तमिलनाडु में भारी वर्षा
- केरल और तमिलनाडु: केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 2 से 8 मई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।
- आंध्र प्रदेश और तेलंगाना: तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में 2-3 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आ सकता है। इन क्षेत्रों में 5 और 6 मई को भारी बारिश का भी अलर्ट है।
- कर्नाटक: दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 4-8 मई के बीच भारी बारिश होने के आसार हैं।
सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के उपकरणों से दूर रहें।
