8th Pay Commission में HRA बनेगा जैकपॉट! करीब 95000 रुपये महीने तक पहुंच सकता है हाउस रेंट अलाउंस
8th Pay Commission update: केंद्रीय कर्मचारी बड़ी बेसब्री से आठवां वेतन आयोग से आने वाली उनके लिए संभावित खुशियों का इंतजार कर रहे हैं। नए वेतन आयोग के गठन के बाद कर्मचारियों की बेसिक सैलरी तो बढ़ेगी ही, लेकिन सबसे बड़ा जैकपॉट उनके हाउस रेंट अलाउंस (HRA) में लग सकता है। बैंकबाजार और मार्केट एक्सपर्ट्स के कैलकुलेशन के मुताबिक 8वें वेतन आयोग के तहत उच्च पदस्थ अधिकारियों का HRA बढ़कर करीब 95,000 रुपये प्रति महीने तक पहुंच सकता है। आइए विस्तृत कैलकुलेशन के जरिए समझते हैं कि नए वेतन आयोग में HRA और सैलरी का ढांचा किस तरह बदल सकता है।
अभी कहां तक पहुंचा 8वां वेतन आयोग का काम?
केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों और पेंशन में संशोधन के लिए हर 10 साल में सरकार द्वारा वेतन आयोग का गठन किया जाता है। हालांकि, कर्मचारी यूनियनों द्वारा लगातार 8वें वेतन आयोग को जल्द से जल्द पूरी तरह लागू करने की मांग की जा रही है और इसे जनवरी 2026 से प्रभावी माने जाने की चर्चा है। पिछले वेतन आयोगों के ऐतिहासिक ट्रेंड को देखें तो सिफारिशों के अध्ययन, मंजूरी और उनके क्रियान्वयन में सरकार को अच्छा-खासा समय लगता है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि भले ही इसे बैकडेट से लागू किया जाए लेकिन असल में कर्मचारियों की जेब तक बढ़ा हुआ वेतन और उसका पूरा एरियर पहुंचने में समय लगेगा। यह वित्तीय लाभ साल 2027 के अंत या फिर 2028 की शुरुआत तक ही मिलने की उम्मीद है।
वेतन आयोग कैसे तय करता है ग्रॉस सैलरी और क्या है फिटमेंट फैक्टर का गणित?
सैलरी स्ट्रक्चर को समझने के लिए मार्केट एक्सपर्ट और फाइनेंशियल एनालिस्ट संजय कथूरिया (CFA) ने इसके गणित का गहराई से विश्लेषण किया है। किसी भी केंद्रीय कर्मचारी की ग्रॉस सैलरी का मूल ढांचा कुछ इस तरह होता है:-
ग्रॉस सैलरी = बेसिक पे + महंगाई भत्ता (DA) + हाउस रेंट अलाउंस (HRA) + अन्य भत्ते
जब भी नया वेतन आयोग आता है तो मौजूदा महंगाई भत्ते को शून् करके उसे नई बेसिक पे में मर्ज कर दिया जाता है। नई बेसिक पे कितनी होगी यह पूरी तरह फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करता है। फिटमेंट फैक्टर वह फॉर्मूला या नंबर है जिससे मौजूदा बेसिक पे को गुणा करके रिवाइज्ड बेसिक पे निकाली जाती है। कर्मचारी संगठन हमेशा उच्च फिटमेंट फैक्टर की मांग करते हैं ताकि बेसिक सैलरी में बड़ा उछाल आ सके।
एचआरए का कैलकुलेशन कैसे होता है?
हाउस रेंट अलाउंस केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये उन्हें किराये के मकान के खर्च को पूरा करने के लिए दिया जाता है। बैंकबाजार के मुताबिक केंद्रीय कर्मचारियों का HRA पूरी तरह से उनकी बेसिक पे और उनके वर्किंग शहर की कैटेगरी पर निर्भर करता है। शहरों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है:-
X सिटी (Metro Cities): संशोधित बेसिक पे का 30% (या वर्तमान संशोधित अनुमानों के तहत 27%)
Y सिटी (Tier-2 Cities): संशोधित बेसिक पे का 20%
Z सिटी (Tier-3 Cities): संशोधित बेसिक पे का 10%
चूंकि HRA का कैलकुलेशन बेसिक सैलरी के प्रतिशत के रूप में होता है इसलिए जैसे ही 8वें वेतन आयोग में बेसिक पे रिवाइज होगी वैसे ही HRA में भी ऑटोमैटिक बड़ी बढ़ोतरी हो जाएगी। हालांकि कर्मचारी संगठनों ने लगभग सभी बैठकों और ज्ञापनों में HRA की मौजूदा दरों को बढ़ाने की पुरजोर मांग की है लेकिन अगर दरें यथावत भी रहती हैं तो भी बेसिक पे बढ़ने से HRA आसमान छूने लगेगा।
किस गणित से 95000 रुपये प्रति महीने तक हो सकता है HRA?
बैंकबाजार द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुमानित कैलकुलेशन के मुताबिक अगर सरकार 8वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर चुनती है तो लेवल 11 से लेवल 13 तक के अधिकारियों का संशोधित बेसिक पे और HRA कुछ इस प्रकार होगा:
लेवल 13 के अधिकारी (मौजूदा बेसिक पे: ₹123100)
संशोधित बेसिक पे: ₹123100 × 2.57 = ₹316370
X सिटी (Metro) में HRA: ₹94910 प्रति महीना (करीब 95000 रुपये)
Y सिटी में HRA: ₹63270 प्रति महीना
Z सिटी में HRA: ₹31640 प्रति महीना
लेवल 12 के अधिकारी (मौजूदा बेसिक पे: ₹78800)
संशोधित बेसिक पे: ₹78800 × 2.57 = ₹202520
X सिटी (Metro) में HRA: ₹60760 प्रति महीना
Y सिटी में HRA: ₹40500 प्रति महीना
Z सिटी में HRA: ₹20250 प्रति महीना
69000 रुपये न्यूनतम बेसिक पे होने का दावा कितना प्रैक्टिकल?
इन दिनों सोशल मीडिया और कयासों में यह दावा खूब वायरल हो रहा है कि 8वें वेतन आयोग में न्यूनतम बेसिक सैलरी सीधे 18000 रुपये से बढ़कर 69000 रुपये हो जाएगी। इसके पीछे का गणित यह है कि कर्मचारी यूनियनों ने 5 सदस्यों के परिवार के उपभोग मॉडल के आधार पर 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। अगर इस मांग को देखा जाए तो:
₹18000 (न्यूनतम बेसिक) × 3.83 = ₹68940 (लगभग ₹69000)
क्या यह दावा व्यावहारिक है?
मार्केट एक्सपर्ट संजय कथूरिया के मुताबिक यह दावा आर्थिक धरातल पर बहुत ज्यादा प्रैक्टिकल नहीं दिखता। सरकारें वेतन बढ़ाते समय केवल कर्मचारियों की मांग नहीं देखतीं बल्कि उन्हें देश का राजकोषीय घाटा, डिफेंस का खर्च, कच्चे तेल की कीमतें, कल्याणकारी योजनाएं और राज्यों के वित्तीय संतुलन को भी देखना होता है।
इन आर्थिक हकीकतों के आधार पर पॉलिसी एक्सपर्ट्स का मानना है कि वास्तविक फिटमेंट फैक्टर 2.0 से 2.6 के बीच रहने की ही सबसे ज्यादा संभावना है। इस व्यावहारिक आधार पर नई न्यूनतम बेसिक सैलरी का दायरा ₹36000 से ₹47000 के बीच हो सकता है। अंतिम ढांचे के आधार पर यह अधिकतम ₹40000 से ₹52000 के आसपास बैठ सकता है जो कि हेडलाइंस में चल रहे ₹69000 के दावे से काफी कम है।
ये भी पढ़ें- ITR 2026: सैलरी स्लैब के हिसाब से न्यू टैक्स रिजीम में सीधे बचा सकते हैं करीब 1.5 लाख रुपये का टैक्स! ये रहा पूरा कैलकुलेशन
Leave a Reply