CMR Green IPO Listing: सीएमआर ग्रीन IPO की धमाकेदार लिस्टिंग, 43% प्रीमियम पर हुआ डेब्यू, मुनाफावसूली भी हो गई शुरू
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज ( CMR Green Technologies ) आईपीओ की बुधवार को शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई। कंपनी के शेयरों ने अपने आईपीओ (IPO) इश्यू प्राइस के मुकाबले 43% के तगड़े प्रीमियम के साथ बाजार में शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी का शेयर 192 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 275.40 रुपये पर ओपन हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इसकी लिस्टिंग 268 रुपये पर हुई, जो आईपीओ प्राइस से 40% ज्यादा है। हालांकि बाद में निवेशकों ने मुनाफावसूली भी शुरू कर दी, जिससे इसकी कीमत में 8% से ज्यादा तक की गिरावट आ गई।
IPO को मिला था बंपर सब्सक्रिप्शन
इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और यह कुल 127.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था, जिसने इसे इस साल के सबसे लोकप्रिय पब्लिक इश्यूज में से एक बना दिया।
क्यूआईबी कैटेगरी: संस्थागत निवेशकों ने इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई और यह हिस्सा 270.46 गुना भरा।
एनआईआई कैटेगरी: गैर-संस्थागत निवेशकों का सेगमेंट 172.35 गुना बुक हुआ।
रिटेल कैटेगरी: खुदरा निवेशकों के हिस्से को 27.08 गुना बोलियां मिलीं।
लिस्टिंग के बाद मुनाफावसूली शुरू
धमाकेदार लिस्टिंग के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली भी शुरू कर दी। देखते ही देखते इसमें 8 फीसदी से ज्यादा तक की गिरावट आ गई। 275.40 रुपये के मुकाबले यह शेयर सुबह 10:10 बजे तक 8 फीसदी से ज्यादा गिरकर 251.40 रुपये तक आ गया था।
क्या करती है कंपनी?
साल 2006 में स्थापित हुई सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज भारत की अग्रणी नॉन-फेरस मेटल रिसाइक्लर्स (गैर-लोह धातु रिसाइकल करने वाली) कंपनियों में से एक है और सेकेंडरी एल्युमिनियम मार्केट में काम करती है। कंपनी रिसाइकिल्ड एल्युमिनियम अलॉय, जिंक अलॉय इनगॉट्स, एल्युमिनियम बिलेट्स और अन्य रिसाइकिल्ड मेटल प्रोडक्ट्स बनाती है, जिनका उपयोग ऑटोमोटिव और इंडस्ट्री में बड़े पैमाने पर होता है।
कंपनी के ग्राहकों की लिस्ट में मारुति सुजुकी, होंडा कार्स इंडिया, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, रॉयल एनफील्ड, एंड्योरेंस टेक्नोलॉजीज और जिंदल स्टेनलेस जैसी देश की कई बड़ी ऑटोमोबाइल और कंपोनेंट निर्माता कंपनियां शामिल हैं।
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?
कंपनी ने वित्तीय रूप से लगातार मजबूत ग्रोथ दिखाई है।
- दिसंबर 2025 को समाप्त 9 महीने में कंपनी ने 6,291 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 162.39 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया।
- वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) में कंपनी का कुल रेवेन्यू 6,696.66 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 155.04 करोड़ रुपये रहा था।

Leave a Reply