SpaceX Listing : लिस्टिंग के दिन भी नहीं रुका स्पेस मिशन- एक छोटे वेयरहाउस से 2 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी बनने का सफर
स्पेस टेक्नोलॉजी कंपनी SpaceX ने शुक्रवार को नैस्डैक पर धमाकेदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर अपने 135 डॉलर के आईपीओ प्राइस के मुकाबले 11 फीसदी प्रीमियम के साथ 150 डॉलर पर लिस्ट हुआ और कारोबार के दौरान 168.75 डॉलर तक पहुंच गया। इस तेजी ने कंपनी का मार्केट कैप 2 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा दिया। साथ ही Elon Musk की कुल संपत्ति लगभग 1.05 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई, जिससे वह दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए।
जब नैस्डैक मार्केटसाइट पर स्टॉक की शुरुआत के मौके पर SpaceX की प्रेसिडेंट ग्विन शॉटवेल, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ब्रेट जॉनसन और मस्क की मां मे जैसे लोग जमा हुए थे, तब मस्क खुद टेक्सास के स्टारबेस में कंपनी के हेडक्वार्टर में ही रुके रहे और उनके कई कर्मचारियों को दूसरे काम भी करने थे। दिलचस्प बात यह रही कि शेयर बाजार में लिस्टिंग के दिन भी स्पेसएक्स का अंतरिक्ष मिशन जारी रहा। US शेयर बाजार खुलने से लगभग एक घंटे पहले, SpaceX ने केप कैनावेरल, फ्लोरिडा से अपने फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए 29 स्टारलिंक सैटेलाइट ऑर्बिट में लॉन्च किए।
छोटे से वेयरहाउस से शुरू हुई कंपनी
मस्क ने कहा कि एल सेगुंडो के एक छोटे से वेयरहाउस से शुरू हुई कंपनी का दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ बनना अविश्वसनीय है। उन्होंने याद करते हुए कहा कि शुरुआती दिनों में उन्हें लगता था कि कंपनी के सफल होने की संभावना बहुत कम है और अगर किसी ने उस समय उन्हें यह भविष्य बताया होता तो शायद वे उस पर विश्वास नहीं करते।
अमेरिकी बाजार खुलने से लगभग एक घंटे पहले कंपनी ने फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से अपने फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए 29 स्टारलिंक सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजे। मस्क ने कहा कि कंपनी अब एक बड़े विस्तार चरण में प्रवेश कर रही है और संचार सेवाओं के लिए 1 लाख से अधिक सैटेलाइट कक्षा में स्थापित करने के साथ-साथ अंतरिक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटर बनाने की योजना पर काम कर रही है।
IPO में कौन रहे खरीदार
स्पेसएक्स के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। रिपोर्ट के अनुसार संस्थागत और रिटेल निवेशकों से 350 अरब डॉलर से अधिक की मांग आई। BlackRock ने करीब 5 अरब डॉलर के शेयर खरीदने की इच्छा जताई, जबकि Public Investment Fund और Kuwait Investment Authority ने 1 अरब से 5 अरब डॉलर तक के ऑर्डर दिए। भारी मांग के कारण कई निवेशकों को उनकी अपेक्षा के अनुसार शेयर अलॉट नहीं हो सके।
कंपनी का घाटा
हालांकि बाजार में उत्साह काफी अधिक है, लेकिन कुछ एनालिस्ट ने कंपनी की वैल्यूएशन को लेकर सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि स्पेसएक्स अभी तक लगातार लाभ कमाने वाली कंपनी नहीं बनी है और 2026 की पहली तिमाही में कंपनी को 4.28 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ था। कंपनी के प्रॉस्पेक्टस के अनुसार 2002 में स्थापना के बाद से स्पेसएक्स का कुल घाटा 41.3 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। कुछ जानकारों का मानना है कि कंपनी की वैल्यूएशन उसके मौजूदा वित्तीय प्रदर्शन की तुलना में काफी ऊंचा है।
इसके बावजूद एलन मस्क के समर्थक निवेशकों का मानना है कि स्पेसएक्स केवल एक रॉकेट कंपनी नहीं, बल्कि अंतरिक्ष, सैटेलाइट इंटरनेट, AI और भविष्य की तकनीकों पर केंद्रित एक बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी है। फरवरी 2026 में स्पेसएक्स द्वारा xAI का अधिग्रहण करने के बाद कंपनी के पास AI मॉडल, डेटा सेंटर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X भी आ गए हैं। निवेशकों को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में ये कारोबार कंपनी की आय और मूल्यांकन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
एक्सपर्ट का मानना है कि स्पेसएक्स की यह ऐतिहासिक लिस्टिंग केवल कंपनी के लिए ही नहीं, बल्कि AI और उभरती टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए भी रास्ता खोल सकती है। इससे भविष्य में अन्य बड़ी AI कंपनियों के आईपीओ को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

Leave a Reply