Delhi Fire Accident: तुगलकाबाद इलाके की एक बिल्डिंग में लगी भीषण, 3 की मौत, 6 को बचाया गया
Delhi Fire Accident: शुक्रवार तड़के दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में स्थित एक इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम की मदद से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सभी को सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (CATS) की सहायता से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि इस घटना में लगभग आठ लोग झुलस गए हैं और उन्हें इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, यह आग मध्यम मार्ग पर नया तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर 1 में स्थित एक इमारत में लगी, जो ओखला फायर स्टेशन-1 (OKH-1) के अधिकार क्षेत्र में आता है।
#WATCH | Delhi: Three people died after a massive fire broke out in a building in Tughlakabad Extension area during the early hours of Friday. Visuals from the spot. pic.twitter.com/dY9aQl5rgE
— ANI (@ANI) June 12, 2026
रात में मिली घटना की जानकारी
इस घटना की जानकारी फायर डिपार्टमेंट को रात 2:35 से 2:37 बजे के बीच इमरजेंसी कॉल पर मिली। चश्मदीदों ने बताया कि इमारत में आग लगी है और अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।
वहीं, सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत तीन वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को मौके पर भेजा। बाद में राहत और बचाव अभियान को तेज करने के लिए एक और फायर टेंडर तथा लाइट फायर यूनिट को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया।
अधिकारी ने दी जानकारी
DFS के असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर (ADO) यशवंत सिंह मीणा ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि इस बिल्डिंग में एक ग्राउंड फ्लोर और 5 ऊपरी मंजिलें हैं। बिल्डिंग के एक तंग गली में होने के कारण बचाव और आग बुझाने वाली टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। आग बुझाने और बचाव अभियान में ADO मीणा की मदद कई अधिकारियों ने की, जिनमें स्टेशन ट्रेनिंग ऑफिसर (STO) मुकुल भारद्वाज, स्टेशन ऑफिसर (SO) समर्थ लाल और स्टेशन ऑफिसर (SO) राज कुमार शामिल थे।
शुरुआती जांच से पता चला कि आग मकान के अंदर खड़ी गाड़ियों से शुरू हुई थी। फिलहाल, अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया है और सुबह 3:45 बजे तक स्थिति नियंत्रण में आ गई। कुल मिलाकर, DFS द्वारा ‘स्टॉप मैसेज’ जारी किए जाने के बाद सुबह 4:00 बजे आग बुझाने का काम खत्म हुआ।
वहीं, ऑपरेशन के आखिरी चरण में, दमकल कर्मियों ने एक और व्यक्ति को बचाया, जिससे DFS कर्मियों द्वारा बचाए गए लोगों की कुल संख्या 6 हो गई।
यह भी पढ़ें: शराब के नशे में धुत दिल्ली पुलिस कांस्टेबल ने महिला से की मारपीट, रेप की धमकी दी और सोसाइटी का गेट तोड़ा
Leave a Reply