कल का मौसम 13 जून: इन 12 राज्यों में हैवी बारिश का अलर्ट, दिल्ली से यूपी-बिहार तक 50-80kmph स्पीड वाला बवंडर – IMD Weather update
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लेटेस्ट वेदर बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 12 जून को मानसून ने पूरे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार के साथ-साथ ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव और उत्तर भारत में सक्रिय वेदर सिस्टम के चलते 13 जून को देश के 12 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में 50 से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाला खतरनाक बवंडर और आंधी-तूफान आने की आशंका जताई गई है।
मानसून की ताजा स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) इस समय हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्रि कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारीपदा, पुरुलिया, धनबाद और बिहार के मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, पूरे कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
इन 12 राज्यों में हैवी रेनफॉल का अलर्ट
IMD बुलेटिन के मुताबिक 13 जून को देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है-
- असम: बेहद भारी बारिश का अलर्ट।
- मेघालय: बेहद भारी बारिश का अनुमान।
- अरुणाचल प्रदेश: भारी बारिश की संभावना।
- बिहार: मानसून की एंट्री के साथ भारी बारिश का अलर्ट।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम: भारी बारिश की चेतावनी।
- ओडिशा: तटीय और आंतरिक हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान।
- केरल: भारी बारिश की संभावना।
- नागालैंड: पूर्वोत्तर के इस राज्य में भारी बारिश का अलर्ट।
- मणिपुर: कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान।
- मिजोरम: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना।
- त्रिपुरा: भारी बारिश का अलर्ट।
- झारखंड: मानसून के असर से कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का अनुमान।
60 से 80 किमी/घंटे का बवंडर: राजस्थान में सबसे ज्यादा खतरा
13 जून को देश के कई मैदानी राज्यों में आंधी-तूफान का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने हवा की रफ्तार को लेकर अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है-
राजस्थान (80 Kmph का बवंडर): राजस्थान में 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से बवंडर चलने और झोंकों के 80 किमी/घंटे तक पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी का भी अलर्ट है।
बिहार, यूपी और दिल्ली-एनसीआर में 40 से 60 किमी/घंटे की आंधी
बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान आने की आशंका है। दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब: दिल्ली-एनसीआर (हरियाणा, चंडीगढ़ सहित), उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी।
चार राज्यों में ‘हीटवेव’ का असर रहेगा जारी
एक तरफ जहां देश के बड़े हिस्से में आंधी और बारिश से मौसम सुहाना रहेगा, वहीं कुछ इलाके अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान, विदर्भ (महाराष्ट्र), तेलंगाना और मराठवाड़ा के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा।
समुद्र में हलचल: मछुआरों को न जाने की सलाह
सोमालिया और ओमान के तटों के पास 45 से 55 किमी/घंटा (झोंके 65 किमी/घंटा) की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, अंडमान सागर और ओडिशा के तटों पर 40 से 50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी है।
Leave a Reply