सोना का भाव आज, 11 जुलाई: सोने में कल की तेजी के बाद आज क्या है आपके शहर में भाव? दिल्ली से पटना तक – लेटेस्ट रेट
Gold Price Today In India (सोना का भाव आज, Sona Ka Bhav Aaj Ka ) 11 July 2026: सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एक बार फिर तेजी का रुख देखने को मिला है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के हाजिर बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। जहां सोने की कीमतों में 400 रुपये की बढ़त हुई, वहीं चांदी ने लंबी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए 5,000 रुपये की बड़ी छलांग लगाई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और वैश्विक स्तर पर कम कीमतों का फायदा उठाकर निवेशकों द्वारा की गई लिवाली की वजह से घरेलू बाजार में यह तेजी देखने को मिली है। हालांकि, एक तरफ जहां हाजिर बाजार में मजबूती रही, वहीं दूसरी तरफ वायदा बाजार में कहानी थोड़ी अलग नजर आई। कमजोर हाजिर मांग और सटोरियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने की वजह से मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के वायदा भाव में गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, आज शनिवार को वीकेंड हॉलिडे होने की वजह से बाजार बंद रहेंगे, इसलिए शुक्रवार को बंद हुए भाव ही इस पूरे सप्ताहांत के लिए रेफरेंस रेट यानी बेंचमार्क दरें बने रहेंगे।
हाजिर बाजार का हाल
दिल्ली के हाजिर सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 400 रुपये की मजबूती के साथ 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार को सोना 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
पढ़ें: सोने का भाव आज का 10 जुलाई 2026: MCX पर चढ़ा सोना, गिरावट पर लगा ब्रेक, आपके शहर में क्या है गोल्ड का रेट, जानें 24K, 22K, 18 कैरेट के ताजा दाम
चांदी की बात करें तो इसने पिछले 3 सत्रों से जारी गिरावट पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। गुरुवार को चांदी 2,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जो शुक्रवार को 5000 रुपये बढ़कर 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के स्तर पर पहुंच गई। शनिवार को नया ट्रेडिंग डेटा जारी न होने के कारण रिटेल बाजारों में इसी भाव के आसपास कारोबार देखने को मिलेगा।
क्यों आई बाजार में तेजी?
कारोबारियों और बाजार विश्लेषकों का मानना है कि इस तेजी के पीछे मुख्य रूप से दो बड़ी वजह रहे। पहली वजह ये है कि अमेरिकी डॉलर लगातार तीसरे सत्र में कमजोर हुआ है। डॉलर के कमजोर होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं की मांग बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा।
पढ़ें: Top 5 Gold ETF: गोल्ड में गिरावट के बाद भी इन 5 गोल्ड ईटीएफ ने 12 महीनों में दिया 46% तक रिटर्न
दूसरी वजह ये रही कि इस हफ्ते की शुरुआत में सोने की कीमतें एक सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई थीं। कम कीमतों को देखते हुए निवेशकों और खरीदारों ने इसे एक अच्छे मौके के रूप में देखा और जमकर खरीदारी की, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिला।
MCX में दिखा विपरीत रुख
हाजिर बाजार की तेजी के उलट, वायदा कारोबार में सोने की कीमतों पर दबाव देखा गया। कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों द्वारा अपने सौदों को कम करने से शुक्रवार को सोने का वायदा भाव 630 रुपये टूटकर 1,44,670 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। MCX में अगस्त महीने की आपूर्ति वाले अनुबंध में 0.43 प्रतिशत की यह गिरावट देखी गई, जिसमें कुल 975 लॉट का कारोबार हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार और आगामी संकेत
वैश्विक मोर्चे पर कीमतों में मामूली नरमी देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार (न्यूयॉर्क) में हाजिर सोना 17.57 डॉलर यानी 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,106.25 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी लगभग एक प्रतिशत की कमजोरी के साथ 59.54 डॉलर प्रति औंस पर रही। वायदा बाजार में न्यूयॉर्क सोना 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,118.90 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया।
आगे क्या होगा?
बाजार के जानकारों का कहना है कि अब सभी निवेशकों की नजरें अगले सप्ताह आने वाले अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) यानी महंगाई के आंकड़ों पर टिकी हैं। इन आंकड़ों से यह साफ होने की उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आने वाले समय में ब्याज दरों को लेकर क्या रुख अपनाता है, जिससे सोने और चांदी की अगली चाल तय होगी।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply