वियतनाम नाव हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, दिया हर संभव मदद का भरोसा
Vietnam Boat Accident: वियतनाम के मशहूर फु क्वोक आइलैंड के पास एक स्पीडबोट के पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। जिसके बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। वहीं, इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारी हर संभव मदद कर रहे हैं और वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों के साथ हुई नाव दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।”
उन्होंने कहा, “जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायल लोगों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। वियतनाम में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के भी लगातार संपर्क में हैं।”
यह बयान तब आया जब 36 यात्रियों, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य थे, को ले जा रही एक नाव ‘होन मे रुट’ द्वीप से यात्रा के दौरान किनारे से 400 मीटर दूर पलट गई। स्थानीय अधिकारियों ने पलटी हुई नाव से 21 लोगों को बचाया, जबकि 15 भारतीय पर्यटकों (दो महिलाएं और 13 पुरुष) की मौत की पुष्टि हुई।
Extremely saddened to learn about the tragic news of a boat accident involving Indian nationals near Phu Quoc, Vietnam.
My sincere condolences to the families who lost their loved ones. My prayers for the early recovery of the injured survivors.
Our Embassy and Consulate are…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 11, 2026
राजनाथ सिंह ने भी जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और जारी खोज और बचाव अभियान की सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं। इस मुश्किल समय में भारत पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। वियतनाम में हमारा दूतावास इस त्रासदी से प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है।”
Deeply saddened by the tragic boat accident in Vietnam involving Indian tourists, which has claimed several precious lives.
My heartfelt condolences to the bereaved families. I pray for the speedy recovery of those injured and for the success of the ongoing search and rescue…
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) July 11, 2026
वहीं, वियतनाम में भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर बनाए हैं।
भारतीय दूतावास ने घटना की दी जानकारी
दूतावास ने ‘X’ पर कहा, “एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है और घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।”
वियतनामी टीवी पर दिखाए गए फुटेज में समुद्र में तेज लहरें और तेज हवाएं दिखाई दे रही थीं, और बचाव दल पानी में फंसे लोगों की ओर लाइफबॉय फेंक रहे थे। वहीं, जेट स्की की मदद से बचे हुए लोगों को सुरक्षित किनारे तक लाया गया, जबकि समुद्र तट पर मौजूद लोगों ने पीड़ितों को प्राथमिक उपचार दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए भारतीय पर्यटक स्मार्टफोन कंपनी लावा मोबाइल्स के कर्मचारी और डिस्ट्रीब्यूटर थे। स्थानीय खबरों के अनुसार, हादसे के समय समुद्र की स्थिति खराब थी और इलाके में ऊंची लहरें उठ रही थीं।
यह भी पढ़ें: Vietnam Boat Accident: फु क्वोक द्वीप के पास कैसे पलटी स्पीडबोट? सामने आई पूरी घटना
Leave a Reply