Nuvoco Vistas Share: कंपनी ने बढ़ाई ताकत, सूरत के लिमला प्लांट में 20 लाख टन क्षमता शुरू
Nuvoco Vistas ने शनिवार को गुजरात के सूरत स्थित लिमला सीमेंट प्लांट में 20 लाख टन प्रति वर्ष (2 MMTPA) की नई सीमेंट ग्राइंडिंग क्षमता का उद्घाटन किया। कंपनी का कहना है कि इससे गुजरात और महाराष्ट्र जैसे तेजी से बढ़ते बाजारों में उसकी मौजूदगी और मजबूत होगी। यह प्लांट Vadraj Cement Limited (VCL) का हिस्सा है, जिसे नुवोको विस्टास ने जून 2025 में 1,800 करोड़ रुपये में कॉर्पोरेट दिवाला प्रक्रिया (CIRP) के तहत खरीदा था।
कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में कहा कि इस प्लांट को दोबारा चालू करने और आधुनिक बनाने पर कंपनी ने करीब 240 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। कंपनी के अनुसार 30 जून 2026 तक उसकी कुल सीमेंट क्षमता 25 MTPA है। लिमला प्लांट के शुरू होने से कंपनी को गुजरात और पश्चिमी महाराष्ट्र के हाई-ग्रोथ बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी। साथ ही उत्तर भारत में सप्लाई करने वाले उसके उत्तरी प्लांट अब अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।
सीमेंट क्षमता बढ़ाकर 35 MTPA का लक्ष्य
नुवोको विस्टास का लक्ष्य वित्त वर्ष 2027-28 तक अपनी कुल सीमेंट क्षमता बढ़ाकर 35 MTPA करने का है। लिमला प्लांट इस विस्तार योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है। Nuvoco Vistas Corporation भारत का पांचवां सबसे बड़ा सीमेंट ग्रुप है और पूर्वी भारत में अग्रणी सीमेंट कंपनियों में से एक है। कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता लगभग 35 मिलियन टन प्रति वर्ष (MMTPA) के करीब पहुंच चुकी है।
मुंबई मुख्यालय वाली निरमा ग्रुप की यह कंपनी तीन प्रमुख कारोबारों में काम करती है-सीमेंट, रेडी-मिक्स कंक्रीट (RMX) और मॉडर्न बिल्डिंग मटेरियल्स, जिसके जरिए यह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करती है।
शेयर का प्रदर्शन
कंपनी का शेयर 2.38 फीसदी की तेजी के साथ 320.35 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 11.12 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है

Leave a Reply