EPFO New Scheme : ईपीएफओ की विश्वास स्कीम लॉन्च, 8 करोड़ एक्टिव ईपीएफ सब्सक्राइबर को क्या फायदा?
EPFO New Scheme : नए EPF, EPS, EDLI रूल और सेंट्रलाइज्ड सिस्टम अपग्रेड के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की सेवाएं धीरे-धीरे करके बहाल हो रही है। इस बीच संगठन ने सालों से लंबित पीएफ विवादों को खत्म करने और कंप्लायंस को आसान बनाने के लिए विश्वास स्कीम (EPFO Vishwas Scheme ) लॉन्च की है। पहली नजर में ये स्कीम कंपनियों यानी एंप्लायर्स के लिए राहत पैकेज लग सकती है, क्योंकि इसके तहत उन्हें कम पेनाल्टी देकर पुराने मामले निपटाने का मौका मिलेगा। लेकिन इसका फायदा सिर्फ कंपनियों तक सीमित नहीं है। देश के करीब 8 करोड़ एक्टिव EPF सब्सक्राइबर्स के लिए भी यह योजना अहम साबित हो सकती है, क्योंकि इससे सालों से अटके पीएफ विवादों का समाधान तेज होगा, कानूनी अड़चनें कम होंगी और कर्मचारियों के पीएफ रिकॉर्ड व दावों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।
आइए जानते हैं कि EPFO की विश्वास योजना क्या है, इसका लाभ किसे मिलेगा?
क्या है EPFO की विश्वास योजना?
EPFO की विश्वास योजना उन कंपनियों और संस्थानों के लिए लाई गई है, जिन्होंने कर्मचारियों का EPF योगदान समय पर जमा नहीं किया और इस वजह से उन पर EPF Act की धारा 14B के तहत पेनाल्टी लग चुकी है या लगने की प्रक्रिया चल रही है। इस योजना के तहत सिर्फ 6 महीने के लिए कंपनियों को कम पेनाल्टी देकर पुराने मामलों का निपटारा करने का मौका मिलेगा। इसका उद्देश्य वर्षों से लंबित मुकदमों और अनुपालन संबंधी विवादों को जल्दी खत्म करना है।
ये भी पढ़ें : EPF Scheme 2026: 1 लाख रुपये में से सिर्फ 75 हजार की हो सकेगी UPI के जरिए निकासी, समझिए पीएफ एडवांस के नए रूल
किन मामलों में मिलेगा योजना का लाभ?
विश्वास योजना का लाभ ऐसे संस्थानों को मिलेगा
- जिनका मामला कोर्ट, हाईकोर्ट, ट्रिब्यूनल या CGIT में लंबित है।
- जिन पर धारा 14B के तहत पेनाल्टी तय हो चुकी है लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ।
- जिन्हें सिर्फ धारा 14B का नोटिस मिला है और अंतिम आदेश अभी जारी नहीं हुआ।
- जिनके खिलाफ कार्रवाई शुरू होनी है, लेकिन अभी नोटिस जारी नहीं हुआ।
सबसे बड़ी राहत: पेनाल्टी होगी काफी कम
इस योजना के तहत EPFO पेनाल्टी की दोबारा गणना रियायती दरों पर करेगा।
- 2 महीने से कम की देरी: 0.25% प्रति माह
- 2 महीने से 4 महीने से कम की देरी: 0.50% प्रति माह
- 4 महीने या उससे अधिक की देरी: 1% प्रति माह
ये दरें सामान्य धारा 14B के तहत लगने वाली पेनाल्टी से काफी कम हैं। इससे कंपनियों का वित्तीय बोझ घटेगा और वे आसानी से बकाया मामलों का निपटारा कर सकेंगी।
ये भी पढ़ें : ITR Filing 2026 Deadline : इनकम टैक्स रिटर्न भरने के लिए बचे सिर्फ 20 दिन, 1.7 करोड़ से ज्यादा टैक्सपेयर्स ने भरा अपना रिटर्न
8 करोड़ कर्मचारियों को क्या फायदा होगा?
हालांकि यह योजना सीधे तौर पर नियोक्ताओं के लिए लाई गई है, लेकिन इसके कई अप्रत्यक्ष फायदे कर्मचारियों को भी मिलेंगे।
- वर्षों से लंबित EPF विवाद जल्दी सुलझेंगे।
- पीएफ से जुड़े कानूनी मामलों में तेजी आएगी।
- कर्मचारियों के EPF रिकॉर्ड और अनुपालन संबंधी समस्याएं कम होंगी।
- भविष्य में क्लेम, ट्रांसफर और अन्य सेवाओं के निपटारे में आसानी होगी।
- कंपनियों के अनुपालन में सुधार होने से कर्मचारियों के PF योगदान से जुड़े विवाद घटेंगे।
EPFO Vishwas Scheme 2026 :कैसे मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए एंप्लायर को
- सबसे पहले EPFO Employer Portal पर लॉग-इन करना होगा।
- Vishwas Scheme का विकल्प चुनना होगा।
- ऑनलाइन आवेदन भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
- EPFO कम पेनाल्टी के आधार पर नई राशि की गणना कर SMS या ई-मेल से जानकारी देगा।
- नियोक्ता को संशोधित राशि स्वीकार कर 15 दिनों के भीतर भुगतान करना होगा।
- भुगतान ECR-Linked System के जरिए विशेष Vishwas ID से किया जाएगा।
भुगतान के बाद EPFO डिजिटल हस्ताक्षरित ‘विश्वास सर्टिफिकेट’ जारी करेगा, जिसे कोर्ट या CGIT में जमा कर मामला बंद कराया जा सकेगा।
देशभर में हजारों कंपनियों के खिलाफ EPF से जुड़े मामले वर्षों से अदालतों और ट्रिब्यूनलों में लंबित हैं। इन मामलों में भारी पेनाल्टी और लंबी कानूनी प्रक्रिया के कारण न तो कंपनियां विवाद खत्म कर पा रही थीं और न ही अनुपालन पूरी तरह हो पा रहा था। ऐसे में EPFO ने एक वन-टाइम सेटलमेंट जैसी व्यवस्था के तौर पर विश्वास योजना शुरू की है, ताकि कम पेनाल्टी के साथ पुराने मामलों का जल्दी निपटारा हो सके।
सिर्फ 6 महीने का मिलेगा मौका
ध्यान रहे कि विश्वास योजना एक बार मिलने वाला अवसर (One-Time Scheme) है और यह केवल 6 महीने के लिए लागू रहेगी। इस अवधि में आवेदन नहीं करने पर संबंधित संस्थानों को बाद में सामान्य नियमों के तहत ही पेनाल्टी और कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply