HDFC Bank : अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे पर बोले केकी मिस्त्री, पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं
HDFC Bank : एचडीएफसी बैंक के अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री ने कहा कि बैंक कॉरपोरेट गवर्नेंस के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी आधार पर काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बैंक का निदेशक मंडल (Board) इस बदलाव की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराने में सहयोग के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) सहित सभी नियामकों का आभार व्यक्त करता है।
रिव्यू टीम ने पिछले महीने सौंपा रिपोर्ट
केकी मिस्त्री ने बताया कि पूर्व चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफा पत्र (Atanu Chakraborty Resignation) में उठाए गए मुद्दों की निष्पक्ष जांच के लिए बोर्ड ने देश और विदेश की प्रतिष्ठित लॉ फर्मों को नियुक्त किया था। इस पूरी कानूनी समीक्षा की निगरानी केवल स्वतंत्र निदेशकों (Independent Directors) की विशेष समिति ने की। बाहरी लॉ फर्मों ने अपनी जांच रिपोर्ट 26 जून 2026 को सौंप दी थी, जिसकी जानकारी नियमानुसार शेयर बाजारों (स्टॉक एक्सचेंज) को भी दे दी गई।
ये भी पढ़ें : 52-Week Low stocks : 1 साल के लो पर आए ये 10 पॉपुलर स्टॉक, क्या भारी डिस्काउंट पर करना चाहिए निवेश
उन्होंने कहा कि एचडीएफसी बैंक पारदर्शिता (Transparency), जवाबदेही (Accountability) और मजबूत निगरानी (Oversight) के अपने संकल्प पर कायम है। जिन मामलों की समीक्षा जरूरी होगी, उन पर बैंक तय प्रक्रिया के तहत गंभीरता से विचार करेगा। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके हर फैसले में शेयरधारकों और अन्य हितधारकों (Stakeholders) के दीर्घकालिक हित सर्वोच्च प्राथमिकता बने रहेंगे।
वहीं शनिवार को एचडीएफसी बैंक के एमडी व सीईओ शशिधर जगदीशन ने अपने एक बयान में कहा कि अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का अचानक इस्तीफा देना बैंक के लिए एक ’चुनौतीपूर्ण घटना’ रही, जिससे बैंक के संचालन मानकों पर सवाल उठे। चक्रवर्ती ने कार्यकाल पूरा होने से एक साल से भी अधिक पहले 18 मार्च 2026 को नैतिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। पहली बार बैंक के किसी अंशकालिक चेयरमैन ने कार्यकाल के बीच पद छोड़ा था।
बैंक एमडी जगदीशन ने बैंक की शनिवार को जारी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि चक्रवर्ती के त्यागपत्र में किए गए उल्लेखों के बाद बैंक के निदेशक मंडल ने मामले की समीक्षा के लिए बाहरी कानूनी फर्मों को नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (एडीआर) के न्यूयॉर्क शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर की फर्मों को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया।
ये भी पढे़ं : Hindalco: कंपनी ओडिशा में करेगी 12,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश, राज्य सरकार ने दी जानकारी
जगदीशन के अनुसार, 26 जून 2026 को साझा किए गए जांच निष्कर्षों में कहा गया कि इस्तीफे के पत्र में किए गए दावों और उनके निहितार्थों की उपलब्ध अभिलेखों और साक्षात्कारों से पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बैंक मजबूत कॉरपोरेट संचालन मानकों को और सुदृढ़ करने के लिए अपनी आंतरिक प्रणालियों और नियंत्रण प्रक्रियाओं को लगातार अपडेट कर रहा है।
जगदीशन ने बैंक के नए अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किए गए राजीव कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि वित्तीय सेवा सचिव और बाद में वित्त सचिव के रूप में उनके अनुभव का बैंक को लाभ मिलेगा। बैंक के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए जगदीशन ने कहा कि कर्ज, जमा और लाभप्रदता में वृद्धि के साथ बैंक की प्रगति जारी रही है, जबकि परिसंपत्ति गुणवत्ता भी मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बैंक आगे भी जोखिम प्रबंधन ढांचे को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी, विशेषकर एआई के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करेगा।

Leave a Reply