SIP: लगातार दूसरे महीने घटा SIP स्टॉपेज रेशियो, बंद होने से ज्यादा नई SIP हुई शुरू
जून 2026 में म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। SIP Stoppage Ratio लगातार दूसरे महीने घटकर 91.23 फीसदी पर आ गई, जो मई में 95.46 फीसदी थी। इससे पहले मार्च और अप्रैल में यह आंकड़ा 100 फीसदी से ऊपर था। इसका मतलब है कि अब जितनी SIP बंद हो रही हैं, उससे ज्यादा नई SIP शुरू की जा रही हैं। यह निवेशकों के बढ़ते भरोसे और लंबी अवधि के निवेश की मजबूत होती सोच का संकेत माना जा रहा है।
जून में 55.51 लाख नई SIP शुरू हुई, जबकि 50.64 लाख SIP बंद हुई या उनका तय कार्यकाल पूरा हुआ। मई में 54.16 लाख नई SIP शुरू हुई थीं और 51.70 लाख SIP बंद हुई थीं। SIP Stoppage Ratio यह बताती है कि नई SIP के मुकाबले कितनी SIP बंद हुई। अगर यह आंकड़ा 100 फीसदी से ऊपर चला जाए तो इसका मतलब होता है कि नई SIP से ज्यादा SIP बंद हो रही हैं।
हालांकि इस आंकड़े में वे SIP भी शामिल होती हैं जिनकी अवधि पूरी हो जाती है। इसके अलावा कई निवेशक एक फंड से दूसरे फंड में SIP शिफ्ट भी करते हैं, इसलिए हर बंद हुई SIP का मतलब निवेश बंद करना नहीं होता। जून में SIP के तहत कुल एसेट 17.70 लाख करोड़ रुपये रहे, जो म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की कुल AUM का 21.5 फीसदी है।
इक्विटी म्यूचुअल फंड में 28973 करोड़ रुपये का नेट इन्फ्लो
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री संगठन AMFI के आंकड़ों के मुताबिक जून में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 28973 करोड़ रुपये का नेट इन्फ्लो हुआ, जो मई के 22908 करोड़ रुपये के मुकाबले 26 फीसदी ज्यादा है। मई में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण निवेशकों ने एकमुश्त निवेश कम कर दिया था, जिससे इक्विटी फंड में निवेश एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि जून में बाजार में सुधार के साथ निवेशकों की वापसी देखने को मिली।

Leave a Reply