Indian Railways Ticket Rule: ट्रेन में सफर से पहले ध्यान दें! टिकट का Screenshot नहीं होगा मान्य, देखें नियम
भारतीय रेलवे ने साफ कर दिया है कि WhatsApp पर शेयर किया गया स्क्रीनशॉट या फॉरवर्ड की गई टिकट यात्रा के लिए मान्य नहीं होगी। टिकट जांच के समय केवल स्क्रीनशॉट दिखाने पर आपको बिना वैध टिकट वाला यात्री माना जा सकता है। ऐसे में यात्रा के दौरान सही टिकट और पहचान पत्र साथ रखना बेहद जरूरी है।
WhatsApp Screenshot क्यों नहीं होगा मान्य?
आजकल ज्यादातर लोग IRCTC या दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ट्रेन टिकट बुक करते हैं। कई यात्री टिकट का स्क्रीनशॉट लेकर उसे WhatsApp पर सेव कर लेते हैं या परिवार और दोस्तों को भेज देते हैं। लेकिन रेलवे का कहना है कि ऐसा स्क्रीनशॉट यात्रा का वैध प्रमाण नहीं माना जाएगा।
रेलवे के मुताबिक, स्क्रीनशॉट के साथ छेड़छाड़ करना आसान होता है। इसे एडिट किया जा सकता है और एक ही टिकट का स्क्रीनशॉट कई लोगों के साथ साझा किया जा सकता है। इससे टिकट का गलत इस्तेमाल होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा टिकट जांच के दौरान स्क्रीनशॉट की वास्तविकता की पुष्टि करना भी आसान नहीं होता। इसलिए टिकट परीक्षक केवल मूल टिकट के आधार पर ही जांच करते हैं।
यात्रा के दौरान कौन-से दस्तावेज होंगे मान्य?
भारतीय रेलवे ने बताया है कि ई-टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के पास मूल टिकट होना जरूरी है। इसके लिए यात्री IRCTC Rail Connect ऐप या जिस प्लेटफॉर्म से टिकट बुक किया गया है, वहां मौजूद मूल ई-टिकट दिखा सकते हैं।
इसके अलावा टिकट बुकिंग के समय मिला कन्फर्मेशन SMS भी मान्य होगा। यदि किसी ने ई-टिकट का प्रिंट निकाल रखा है, तो उसकी हार्ड कॉपी भी स्वीकार की जाएगी।
यात्रा के दौरान केवल टिकट ही नहीं, बल्कि एक वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र भी साथ रखना जरूरी है। पहचान पत्र पर लिखा नाम टिकट में दर्ज नाम से मेल खाना चाहिए। टिकट जांच के समय यह मिलान अनिवार्य होता है।
अगर यात्री के पास केवल WhatsApp का स्क्रीनशॉट है और वह मूल ई-टिकट या अन्य मान्य दस्तावेज नहीं दिखा पाता, तो उसे बिना वैध टिकट वाला यात्री माना जा सकता है। ऐसे में रेलवे के नियमों के अनुसार जुर्माना या अन्य कार्रवाई भी हो सकती है।
इसलिए ट्रेन यात्रा पर निकलने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके मोबाइल में मूल ई-टिकट उपलब्ध हो, या फिर उसका प्रिंट और वैध पहचान पत्र आपके पास मौजूद हो। इससे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।

Leave a Reply