IPO से पहले NSE ने बताया फ्यूचर प्लान, टेक्नोलॉजी और डेटा बिजनेस पर बढ़ाएगा जोर
देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) अपने प्रस्तावित IPO से पहले फ्यूचर ग्रोथ स्ट्रैटेजी पर काम कर रहा है। जुलाई 2026 के अपने इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन में NSE ने बताया कि आने वाले सालों में उसका फोकस नए प्रोडक्ट लॉन्च करने, इंटरनेशनल स्तर पर कारोबार बढ़ाने, डेटा बिजनेस को मजबूत करने और टेक्नोलॉजी में निवेश बढ़ाने पर रहेगा।
NSE ने कहा कि वह इंडियन कैपिटल मार्केट में नए अवसरों का फायदा उठाने के लिए लगातार नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करेगा और बड़े बाजारों को ज्यादा संगठित और ऑटोमेटेड बनाएगा। इसके साथ ही कंपनी अपने मार्केट डेटा बिजनेस से कमाई बढ़ाने के लिए डेटा मॉनेटाइजेशन के नए अवसरों पर भी काम करेगी।
GIFT City के जरिए बढ़ेगी ग्लोबल मौजूदगी
अंतरराष्ट्रीय विस्तार की योजना के तहत NSE GIFT City में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगा और दुनिया भर के वित्तीय संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाएगा। एक्सचेंज का लक्ष्य विदेशी बाजारों में भी अपनी रणनीतिक मौजूदगी बढ़ाकर वैश्विक अवसरों का लाभ उठाना है।
NSE ने यह भी कहा कि वह अपनी टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार आधुनिक बनाता रहेगा। साथ ही अलग-अलग एसेट क्लास में नई कंपनियों और निवेशकों को जोड़कर भारत में पूंजी जुटाने की प्रक्रिया को और मजबूत करेगा।
प्रेजेंटेशन के मुताबिक भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, बढ़ते मिडिल क्लास, लोगों की बचत का फाइनेंशियल प्रोडक्ट की ओर बढ़ता रुझान, डिजिटल अपनाने की बढ़ती गति और निवेशकों की संख्या में लगातार इजाफा कैपिटल मार्केट के लिए लंबी अवधि का बड़ा अवसर पैदा कर रहे हैं।
NSE ने आंकड़ों के जरिए बताया कि FY2021 में एक्सचेंज पर रजिस्टर्ड यूनिक PAN की संख्या 4 करोड़ थी, जो FY2026 तक बढ़कर 12.9 करोड़ हो गई है। वहीं इस दौरान म्यूचुअल फंड का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी दोगुने से ज्यादा हो गया है, जिसमें SIP निवेश की अहम भूमिका रही है।
IPO से पहले निवेशकों को दिखाया ग्रोथ रोडमैप
NSE का कहना है कि उसका लिस्टिंग, ट्रेडिंग, क्लियरिंग, सेटलमेंट और डेटा-एनालिटिक्स वाला इंटिग्रेटेड बिजनेस मॉडल उसे इन बढ़ते अवसरों का फायदा उठाने में मदद करेगा। कंपनी का मानना है कि बढ़ते निवेशकों, ज्यादा ट्रेडिंग वॉल्यूम और लगातार नए इनोवेशन से उसका कारोबार आने वाले सालों में और मजबूत होगा। यह प्रेजेंटेशन NSE के IPO से पहले निवेशकों तक अपनी भविष्य की रणनीति और ग्रोथ प्लान पहुंचाने की प्रक्रिया का हिस्सा है।

Leave a Reply