Dividend Stocks: खरीदने का आज आखिरी मौका, 14 जुलाई है रिकॉर्ड डेट, इन 13 शेयरों पर मिलेगा 118 रुपये प्रति शेयर तक का डिविडेंड
Dividend Stocks: अगर आप डिविडेंड के जरिए नियमित आय (Passive Income) पर नजर रखते हैं, तो आज यानी सोमवार, 13 जुलाई आपके लिए अहम दिन है। दरअसल, 13 कंपनियों के शेयरों की रिकॉर्ड डेट (Record Date) कल यानी मंगलवार, 14 जुलाई तय की गई है। ऐसे में डिविडेंड का फायदा पाने के लिए निवेशकों को आज ही इन शेयरों को खरीदना होगा। रिकॉर्ड डेट पर जिन निवेशकों का नाम कंपनी के शेयरधारकों की सूची में होगा, वही घोषित डिविडेंड पाने के पात्र होंगे। इन 13 कंपनियों ने मिलाकर प्रति शेयर कुल 118.28 रुपये तक का डिविडेंड घोषित किया है। इनमें सबसे बड़ा डिविडेंड UTI Asset Management Company ने दिया है, जबकि कई अन्य कंपनियां भी आकर्षक डिविडेंड का भुगतान करने जा रही हैं।
सबसे ज्यादा डिविडेंड देने वाली कंपनियां
इस सूची में UTI Asset Management Company सबसे आगे है, जिसने 40 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है। इसके बाद India Motor Parts and Accessories (IMPAL) ने 23 रुपये प्रति शेयर, Bimetal Bearings ने 13.50 रुपये प्रति शेयर, Hester Biosciences ने 11 रुपये प्रति शेयर और Pix Transmissions ने 9 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया है।
वहीं Supreme Petrochem निवेशकों को 8 रुपये प्रति शेयर, Ultramarine & Pigments को 6 रुपये प्रति शेयर, Modison Ltd को 3 रुपये प्रति शेयर, Aditya Birla Real Estate को 2.50 रुपये प्रति शेयर और Motherson Sumi Wiring India को 58 पैसे प्रति शेयर का डिविडेंड मिलेगा। इसके अलावा Aeroflex Industries ने 40 पैसे, Samvardhana Motherson International ने 25 पैसे और Khaitan Chemicals & Fertilizers ने 5 पैसे प्रति शेयर के डिविडेंड की घोषणा की है।
आज क्यों है आखिरी मौका?
इन सभी कंपनियों की रिकॉर्ड डेट 14 जुलाई है। भारतीय शेयर बाजार के T+1 सेटलमेंट नियम के तहत अगर किसी निवेशक को डिविडेंड का फायदा लेना है, तो उसे रिकॉर्ड डेट से एक कारोबारी दिन पहले, यानी 13 जुलाई तक शेयर खरीदने होंगे। आज खरीदे गए शेयर अगले कारोबारी दिन निवेशक के डीमैट खाते में सेटल हो जाएंगे और उसका नाम रिकॉर्ड डेट पर शेयरधारकों की सूची में शामिल रहेगा। अगर कोई निवेशक रिकॉर्ड डेट या उसके बाद शेयर खरीदता है, तो उसे इस डिविडेंड का लाभ नहीं मिलेगा।
यह भी पढ़ें- Stocks to Watch Today : तिमाही नतीजों से लेकर बड़े ऑर्डर के ट्रिगर तक, DMart, HCLTech, IREDA समेत फोकस में रहेंगे ये 10 स्टॉक्स
किन-किन शेयरों पर मिलेगा डिविडेंड?
| कंपनी | घोषित डिविडेंड (प्रति शेयर) | रिकॉर्ड डेट |
|---|---|---|
| UTI Asset Management | ₹40.00 | 14 जुलाई |
| India Motor Parts & Accessories (IMPAL) | ₹23.00 | 14 जुलाई |
| Bimetal Bearings | ₹13.50 | 14 जुलाई |
| Hester Biosciences | ₹11.00 | 14 जुलाई |
| Pix Transmissions | ₹9.00 | 14 जुलाई |
| Supreme Petrochem | ₹8.00 | 14 जुलाई |
| Ultramarine & Pigments | ₹6.00 | 14 जुलाई |
| Modison Ltd | ₹3.00 | 14 जुलाई |
| Aditya Birla Real Estate | ₹2.50 | 14 जुलाई |
| Motherson Sumi Wiring India | ₹0.58 | 14 जुलाई |
| Aeroflex Industries | ₹0.40 | 14 जुलाई |
| Samvardhana Motherson International | ₹0.25 | 14 जुलाई |
| Khaitan Chemicals & Fertilizers | ₹0.05 | 14 जुलाई |
निवेशकों को किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
सिर्फ डिविडेंड देखकर किसी शेयर में निवेश करना सही रणनीति नहीं मानी जाती। निवेश से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, भविष्य की ग्रोथ, डिविडेंड का ट्रैक रिकॉर्ड और वैल्यूएशन जैसे पहलुओं का भी आकलन करना जरूरी है। कई बार रिकॉर्ड डेट के बाद शेयर की कीमत डिविडेंड की राशि के बराबर या उससे अधिक भी गिर सकती है। इसलिए निवेश का फैसला केवल डिविडेंड के आधार पर नहीं, बल्कि कंपनी की समग्र गुणवत्ता को ध्यान में रखकर करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- LTM Share: तिमाही नतीजों का बाद ब्रोकरेज ने घटाया टारगेट प्राइस- Buy रेटिंग बरकरार
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply