Buy, Sale or Hold: तिमाही नतीजों के बाद DMart पर क्या करें निवेशक? एक दर्जन ब्रोकरेज की बंटी राय; किसने, क्या और क्यों दिया टारगेट?
DMart Share Target Price: एवेन्यू सुपरमार्ट्स (DMart) के जून तिमाही (Q1FY27) के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस की राय एक बार फिर बंटी हुई नजर आई। कंपनी का प्रदर्शन मोटे तौर पर अनुमान के अनुरूप रहा, लेकिन मेट्रो शहरों में बिक्री की रफ्तार सुस्त पड़ना, क्विक कॉमर्स से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और स्टोर विस्तार की धीमी गति ने कई विश्लेषकों की चिंता बढ़ा दी है। यही वजह है कि कुछ ब्रोकरेज ने अपने टारगेट प्राइस घटा दिए, जबकि कुछ ने लंबी अवधि की संभावनाओं को देखते हुए पॉजिटिव रुख बरकरार रखा।
Emkay सबसे ज्यादा सतर्क, ‘Sell’ की सलाह
Emkay ने DMart पर ‘Sell’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 3,700 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की ग्रोथ के संकेत लगातार कमजोर हो रहे हैं। खासतौर पर बड़े मेट्रो शहरों के पुराने स्टोर्स में बिक्री लगभग स्थिर हो गई है, जबकि क्विक कॉमर्स कंपनियां बाजार हिस्सेदारी पर लगातार दबाव बना रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कस्टमर ट्रांजैक्शन 13.4 फीसदी बढ़ा, लेकिन औसत बिल वैल्यू केवल 1.5 फीसदी बढ़ी, जिससे साफ है कि ग्राहकों का विवेकाधीन खर्च अभी भी कमजोर है।
तिमाही (DMart Q1 Results) के दौरान कंपनी ने सिर्फ तीन नए स्टोर खोले, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 9 स्टोर जोड़े गए थे। वहीं DMart Ready का कारोबार भी कमजोर रहा। इसकी ग्रोथ घटकर 5.5 फीसदी रह गई और कंपनी ने सात शहरों से कारोबार समेट लिया। Emkay का मानना है कि करीब 70 गुना फॉरवर्ड P/E वैल्यूएशन पर शेयर महंगा दिखाई देता है और इसमें वैल्यूएशन डी-रेटिंग का जोखिम बना हुआ है।
Goldman Sachs भी सतर्क, टारगेट 4,000 रुपये
Goldman Sachs ने भी स्टॉक पर ‘Sell’ रेटिंग कायम रखते हुए 4,000 रुपये का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की स्टैंडअलोन आय में 15.1 फीसदी की वृद्धि हुई, लेकिन यह पिछली तिमाही की 19 फीसदी ग्रोथ से काफी धीमी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, समान स्टोर बिक्री वृद्धि (Like-for-Like Growth) घटकर 5.5 फीसदी रह गई, जबकि बड़े शहरों के स्टोर्स में लगभग कोई वृद्धि नहीं हुई। हालांकि ग्रॉस मार्जिन में सुधार देखने को मिला, लेकिन कर्मचारियों और नए स्टोर्स पर बढ़े खर्च के कारण EBITDA मार्जिन में सीमित बढ़ोतरी हुई। Goldman Sachs का मानना है कि मेट्रो बाजारों में क्विक कॉमर्स के कारण कंपनी की बाजार हिस्सेदारी प्रभावित हो रही है।
यह भी पढ़ें- Dividend Stocks: खरीदने का आज आखिरी मौका, 14 जुलाई है रिकॉर्ड डेट, इन 13 शेयरों पर मिलेगा 118 रुपये प्रति शेयर तक का डिविडेंड
HDFC Securities और Elara ने अपनाया संतुलित रुख
HDFC Securities ने ‘Add’ रेटिंग के साथ 4,150 रुपये का टारगेट रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि मेट्रो शहरों में समान स्टोर बिक्री सपाट रही, जबकि गैर-मेट्रो बाजारों में 14-15 फीसदी की मजबूत वृद्धि देखने को मिली। हालांकि प्रति स्टोर बिलों की संख्या 4.4 फीसदी घटी, जिससे महानगरों में मांग कमजोर रहने के संकेत मिले। बेहतर प्रोडक्ट मिक्स की वजह से ग्रॉस मार्जिन बढ़ा, लेकिन विस्तार लागत के कारण ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव बना रहा। इसी वजह से HDFC ने FY27 और FY28 के मुनाफे के अनुमान में हल्की कटौती की है।
यह भी पढ़ें- Asian Markets Today: अमेरिका-ईरान तनाव से एशियाई बाजार में आई बड़ी गिरावट, 6 फीसदी तक टूटा Kospi, Nikkei 225 भी फिसला
Elara Capital ने ‘Accumulate’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 4,700 रुपये का टारगेट दिया है। उसके मुताबिक, मेट्रो शहरों में क्विक कॉमर्स अब एक संरचनात्मक चुनौती बन चुका है। हालांकि FMCG कंपनियों की संभावित कीमत बढ़ोतरी और आगे होने वाला स्टोर विस्तार कंपनी के लिए सहारा बन सकता है। ब्रोकरेज का मानना है कि निकट अवधि में मार्जिन स्थिर रह सकते हैं।
Nuvama ने घटाया लक्ष्य, लेकिन ‘Buy’ बरकरार
Nuvama ने ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 4,974 रुपये से घटाकर 4,383 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत पिछली तिमाही के बाद इस बार प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। DMart Ready की ग्रोथ अचानक घटकर 5.5 फीसदी रह गई और कंपनी ने सात शहरों से कारोबार बंद कर दिया। हालांकि बेहतर प्रोडक्ट मिक्स के कारण ग्रॉस मार्जिन में सुधार हुआ और EBITDA मार्जिन भी थोड़ा बेहतर रहा।
Motilal Oswal को लंबी अवधि पर भरोसा
Motilal Oswal ने ‘Buy’ रेटिंग बनाए रखते हुए टारगेट प्राइस 4,750 रुपये से बढ़ाकर 4,800 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज मानता है कि फिलहाल ग्रोथ की रफ्तार धीमी जरूर हुई है, लेकिन कंपनी का वैल्यू-फॉर-मनी बिजनेस मॉडल और मजबूत स्टोर इकोनॉमिक्स लंबी अवधि में प्रतिस्पर्धा बनाए रखेंगे। रिपोर्ट में FY26-29 के दौरान रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफे में मजबूत CAGR का अनुमान भी जताया गया है।
दूसरे ब्रोकरेज की राय भी बंटी
- Axis Capital ने ‘Add’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 5,050 रुपये से घटाकर 4,650 रुपये कर दिया।
- Jefferies ने ‘Hold’ के साथ 4,500 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया है।
- Bernstein ने ‘Outperform’ के साथ 5,000 रुपये का लक्ष्य रखा है।
- Morgan Stanley ने ‘Overweight’ के साथ 5,083 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
- CLSA ने ‘Buy’ के साथ सबसे ऊंचा 5,723 रुपये का लक्ष्य बनाए रखा।
- Systematix ने ‘Buy’ रेटिंग रखते हुए लक्ष्य 4,324 रुपये से बढ़ाकर 4,389 रुपये किया।
- Dolat Capital ने रेटिंग ‘Reduce’ से अपग्रेड कर ‘Accumulate’ कर दी, हालांकि टारगेट प्राइस हल्का घटाकर 4,580 रुपये कर दिया।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply