ICSI CSEET Result 2026: बेटियां बनी आईसीएसआई सीएसईईटी के रिजल्ट में टॉपर, जानें कैसे देख सकते हैं अपना रिजल्ट
ICSI CSEET Result 2026: इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया ने कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट (CSEET) जून 2026 सत्र का रिजल्ट आज 15 जुलाई 2026 को जारी कर दिया है। जून सत्र की परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवार आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर आवेदन संख्या और जन्मतिथि की मदद से अपना रिजल्ट कम मार्क्स स्टेटमेंट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल के नतीजों में पहले 3 पायदान पर देश की होनहार बेटियों ने कब्जा जमाया है। गुनगुन ने आल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल, जबकि सृष्टि दूसरे और छवि कमल मित्तल तीसरी पायदान पर रहीं। आईसीएसआई सीएसईईटी जून 2026 का आयोजन 1 जून से 4 जून 2026 के बीच किया गया था।
पास होने के लिए जरूरी हैं 40% अंक
आईसीएसआई ने सीएसईईटी जून 2026 परीक्षा पास करने के लिए पहले से तय मानदंड लागू रखे हैं। उम्मीदवार को हर विषय में कम से कम 40% अंक लाना अनिवार्य है। साथ ही सभी विषयों में कुल 50% या उससे अधिक अंक प्राप्त करना भी जरूरी होगा। दोनों शर्तें पूरी होने पर ही उम्मीदवार को परीक्षा में सफल माना जाएगा।
रिजल्ट की हार्ड कॉपी नहीं भेजी जाएगी
आईसीएसआई ने साफ किया है कि किसी भी उम्मीदवार को रिजल्ट या मार्क्स स्टेटमेंट की प्रिंटेड कॉपी डाक से नहीं भेजी जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे ऑनलाइन उपलब्ध रिजल्ट डाउनलोड करके उसकी प्रिंट कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें। आगे की प्रवेश प्रक्रिया में इसी दस्तावेज की जरूरत पड़ेगी।
ऐसे चेक करें सीएसईईटी जून 2026 का रिजल्ट
- सबसे पहले आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर जाएं।
- वेबसाइट पर CSEET June 2026 Result लिंक पर क्लिक करें।
- अपना एप्लिकेशन नंबर, डेट ऑफ बर्थ और स्क्रीन पर दिख रहा सिक्योरिटी कोड दर्ज करें।
- जानकारी सबमिट करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट कम मार्क्स स्टेटमेंट दिखाई देगा।
- उम्मीदवार इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
उम्मीदवार कल से करें सर्टिफाइड कॉपी देखने के लिए आवेदन
जो उम्मीदवार अपनी उत्तर पुस्तिका देखना चाहते हैं या उसकी प्रमाणित कॉपी (Certified Copy) प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें 16 जुलाई 2026 से 14 अगस्त 2026 के बीच ये मौका दिया गया है। उम्मीदवार रिजल्ट जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर अपने SMASH Portal Login के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आंसर बुक के निरीक्षण (Inspection) के लिए 450 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा जबकि प्रमाणित कॉपी लेने के लिए 500 रुपये प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया है। आईसीएसआई ने स्पष्ट किया है कि जमा की गई फीस किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी।
अंकों के सत्यापन का भी मिलेगा मौका
यदि किसी उम्मीदवार को अपने प्राप्त अंकों पर संदेह है तो वह अंक सत्यापन (Verification of Marks) के लिए भी आवेदन कर सकता है। इसके लिए रिजल्ट घोषित होने के 21 दिनों के भीतर SMASH पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए 250 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा। यह शुल्क भी नॉन-रिफंडेबल रहेगा।
Leave a Reply