DM Viral Video: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली छह वर्षीय मानवी सिंह की अपने घर के पास जलभराव वाली सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक अपील की। इस अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान के आदेश दिए। उनके इस कदम की जमकर तारीफ हो रही है। लखीमपुर शहर के पास सलेमपुर कोन गांव की पहली क्लास की छात्रा मानवी सिंह ने जिला मजिस्ट्रेट को संबोधित करते हुए एक छोटा-सा वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया।
बच्ची ने अपने संदेश में कहा, “डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं। प्लीज, मेरे घर के पास वाली सड़क को ठीक करवा दीजिए।” उसने इसके साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह अपने घर की ओर जाने वाली ईंटों से बनी जलमग्न सड़क पर पानी में से होकर गुजर रही थी। मानवी की यह मासूमियत भरी अपील न सिर्फ वायरल हुई। बल्कि सीधे लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की नजर में भी आ गई।
जिलाधिकारी जलभराव की समस्या के प्रति बच्ची की संजीदगी से बेहद प्रभावित हुए। इसके बाद उससे खुद मिलकर उसकी शिकायत के बारे में जानने के लिए अधिकारियों की एक टीम के साथ गांव पहुंचे। जिलाधिकारी ने मानवी से बात की और उसे बिस्किट एवं मिठाइयां देने के साथ ही उसकी शिकायत का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।
सड़क का मुआयना करने पर जिलाधिकारी को पता चला कि मानवी के घर को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली ईंटों की सड़क पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और खराब हो चुकी थी। इसमें नाली और बारिश का पानी जमा हो रहा था। जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि सिंह ने मौके पर ही सड़क की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए। ताकि मानवी और उसके पड़ोसियों को जलभराव में से होकर न गुजरना पड़े।
डीएम ने दिए तुरंत जांच के आदेश
बच्ची की अपील पर कार्रवाई करते हुए DM अंजनी कुमार सिंह अधिकारियों की एक टीम के साथ जब गांव पहुंचे तो हैरान रह गए। उन्होंने पाया कि सड़क का वह हिस्सा ऊबड़-खाबड़ था। बारिश के पानी एवं नालियों के ओवरफ्लो होने के कारण सड़क पर पानी से भरा हुआ था। इससे वहां के निवासियों और स्कूली बच्चों को रोज़ाना परेशानी होती थी। जांच के बाद DM ने मौके पर ही तुरंत मरम्मत का काम शुरू करने के निर्देश दिए।
Glad to share that the DM of Lakhimpur Kheri has taken cognizance of the little girl’s video.
But the real question is:
Why did a child have to remind the administration of its own duty? pic.twitter.com/V5bhwT0qEX
— #YeThikKarkeDikhao (@YTKDIndia) May 5, 2026
इसके अलावा, अपने गहन निरीक्षण के दौरान लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी ने पाया कि यह इलाका अनियोजित विकास की समस्या से जूझ रहा है। जिलाधिकारी ने निवासियों को अव्यवस्थित ‘प्लॉटिंग’ के संभावित दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया और उन्हें याद दिलाया कि वे आवासीय जमीन खरीदने से पहले जल निकासी, बिजली और सड़क के सही लेआउट की जांच-पड़ताल जरूर करें।
ये भी पढ़ें- Elon Musk: भारत के फिर मुरीद हुए एलॉन मस्क! GalaxEye के ‘मिशन दृष्टि’ लॉन्च पर पीएम मोदी के पोस्ट पर आया ये जवाब

Leave a Reply