JioBlackRock Balanced Advantage Fund को मिलेगी “अलादीन” की पावर; HDFC, SBI, निप्पॉन AMC के BAF से कैसे है अलग?
JioBlackRock Balanced Advantage Fund: म्यूचुअल फंड बाजार में बैलेंस्ड एडवांटेज फंड (BAF) ऐसी कैटेगरी है, जहां फंड मैनेजर बाजार की स्थिति के हिसाब से इक्विटी और डेट के बीच निवेश का अनुपात बदल सकता है। हालांकि, अलग-अलग AMC इस काम के लिए अलग मॉडल और प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हैं। JioBlackRock Balanced Advantage Fund की चर्चा इसलिए खास है क्योंकि इसमें डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और BlackRock की अलादीन टेक्नॉलोजी (Aladdin Technology) पर आधारित प्रोसेस को प्रमुखता दी जाती है। JioBlackRock का यह फंड (Jioblackrock BAF NFO) 11 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक NFO के लिए खुल रहा है। इसमें न्यूनतम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है और इसमें कोई लॉक-इन नहीं है। यहओपन-एंडेड डायनामिक एसेट एलोकेशन फंड है, जो बाजार की स्थिति के आधार पर इक्विटी और डेट में अपना इन्वेस्टमेंट रेशियो बदलने का लक्ष्य रखता है।
“अलादीन” में क्या खास है?
JioBlackRock की दी गई जानकारी के मुताबिक, इसकी सिस्टमैटिक एक्टिव इक्विटी (SAE) तकनीक सेक्टर और स्टॉक चुनने के लिए बड़े पैमाने पर डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एनालिटिकल टूल्स का इस्तेमाल करती है। इसका उद्देश्य बाजार के अलग-अलग संकेतों को तेजी से समझकर लॉन्ग-टर्म वैल्यू और जोखिम के बीच संतुलन बनाने में मदद करना है। यहां डेटा का दायरा भी सिर्फ शेयर बाजार के पारंपरिक संकेतकों तक सीमित नहीं है। मॉडल सोशल मीडिया ट्रेंड्स, नौकरी से जुड़े आंकड़े और मार्केट इंडिकेटर जैसे अलग-अलग स्रोतों से मिलने वाले संकेतों का विश्लेषण करता है। इसके आधार पर सेक्टर और स्टॉक के चुनाव में मदद ली जाती है। इसके अलावा, निवेश प्रक्रिया को एक तय रिस्क फ्रेमवर्क और नियमों के तहत चलाने पर जोर दिया जाता है। यानी फैसले केवल बाजार की तत्काल धारणा या फंड मैनेजर की व्यक्तिगत राय पर निर्भर नहीं रहते।
रोजाना पोर्टफोलियो की निगरानी
JioBlackRock के मॉडल में अलादीन टेक्नोलॉजी की भूमिका सिर्फ डेटा देखने तक सीमित नहीं बताई गई है। पोर्टफोलियो की रोजाना निगरानी भी इसी तकनीक के जरिए की जाती है। इसका मकसद यह देखना है कि पोर्टफोलियो बदलती बाजार परिस्थितियों के अनुरूप बना रहे। जरूरत पड़ने पर Rebalancing के सुझाव भी दिए जा सकते हैं। यही वह हिस्सा है जो JioBlackRock के मॉडल को दूसरे BAF मॉडल से अलग बनाता है। यहां तकनीक का इस्तेमाल केवल स्टॉक चुनने के लिए नहीं, बल्कि रिस्क मैनेजमेंट, पोर्टफोलियो मॉनिटरिंग और ऑप्टिमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया में किया जा रहा है।
HDFC, ICICI Pru और SBI का मॉडल कितना अलग?
यहां एक बात समझना जरूरी है कि दूसरे AMC भी अपने बैलेंस्ड एडवांटेज फंड में सिस्टमैटिक तरीके अपनाते हैं। फर्क मुख्य रूप से उस तरीके और इनपुट का है, जिसका इस्तेमाल निवेश संबंधी फैसले लेने में किया जाता है। HDFC BAF में “वैल्यूएशन-ड्रिवन एलोकेशन मॉडल” का इस्तेमाल होता है। यह एक सिस्टमैटिक मॉडल है, लेकिन इसमें AI आधारित प्रक्रिया नहीं है। ICICI Prudential BAF अपने इन-हाउस मॉडल पर निर्भर करता है, जिसमें लंबे समय के ऐतिहासिक औसत प्राइस टू बुक वैल्यू रेशियो को महत्वपूर्ण आधार बनाया जाता है। यानी वैल्यूएशन के ऐतिहासिक स्तरों को देखकर इक्विटी एलोकेशन में बदलाव करने की प्रक्रिया इसका अहम हिस्सा है। वहीं SBI BAF एक क्वांटिटेटिव फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करता है। इसमें मार्केट कैपिटलाइजेशन, इन्वेस्टिंग स्टाइल यानी वैल्यू, ग्रोथ, क्वालिटी तथा सेक्टर प्रिफरेंस जैसे फैक्टर के आधार पर निवेश तय किया जाता है। इस तुलना से साफ है कि तीनों AMC में सिस्टमैटिक और क्वांटिटेटिव तरीके मौजूद हैं, लेकिन JioBlackRock का दावा बड़े डेटा सेट, AI और अलादीन जैसी टेक्नोलॉजी-ड्रिवन प्रक्रिया को एक साथ इस्तेमाल करने का है।
क्या इसका मतलब जियोब्लैकरॉक दूसरों से बेहतर है?
यहीं निवेशकों को सावधान रहने की जरूरत है। केवल तकनीक के आधार पर यह कहना संभव नहीं है कि जियोब्लैकरॉक का मॉडल दूसरे बीएएफ से बेहतर रिटर्न देगा। किसी भी फंड की असली परीक्षा लंबे समय में उसके रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न्स, ड्रॉडाउन, वोलैटिलिटी, कॉस्ट और अलग-अलग मार्केट साइकल्स में प्रदर्शन से होगी। जियोब्लैकरॉक का बैलेंस्ड एडवांटेज फंड अभी नया है, इसलिए इसके पास दूसरे स्थापित बीएएफ की तरह लंबा परफॉर्मेंस ट्रैक रिकॉर्ड नहीं है। इसलिए “अलादीन” को फिलहाल तकनीकी और प्रक्रिया के स्तर पर एक अलग मॉडल के रूप में देखना ज्यादा सही होगा, न कि बेहतर रिटर्न की गारंटी के तौर पर।
निवेशकों के लिए इसका मतलब
जियोब्लैकरॉक बैलेंस्ड एडवांटेज फंड की रणनीति का मूल विचार यह है कि निवेशक को खुद हर बार यह तय न करना पड़े कि बाजार में इक्विटी बढ़ानी है या जोखिम कम करना है। फंड बाजार के संकेतों के आधार पर एसेट एलोकेशन को बदलने की कोशिश करेगा। कंपनी के मुताबिक इसके लिए मार्केट इंडिकेटर्स, एक तय स्टॉक सिलेक्शन प्रोसेस और डेट/फिक्स्ड इनकम में डिसिप्लिन्ड इन्वेस्टमेंट अप्रोच का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार डेरिवेटिव्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इस लिहाज से जियोब्लैकरॉक की सबसे बड़ी खासियत “अलादीन” का नाम भर नहीं, बल्कि डेटा आधारित सिस्टमैटिक एक्टिव इक्विटी, एआई और पोर्टफोलियो रिस्क मैनेजमेंट को एक साथ जोड़ना है।

Leave a Reply