Bank Holiday List: नवंबर 2026 में कितने दिन बंद रहेंगे बैंक? शहर के हिसाब से देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
Bank holidays in November 2026: अगर नवंबर के महीने में आपका बैंक से जुड़ा कोई काम है तो उसे अभी ही निपटा लें। नवंबर 2026 में देश के अलग-अलग राज्यों में त्योहारों, खास दिनों और शनिवार-रविवार की वजह से बैंक कई दिन बंद रहने वाले हैं। नवंबर 2026 में बैंक जाने से पहले छुट्टियों की तारीख जरूर चेक कर लें। SBI, PNB, HDFC, ICICI और एक्सिस बैंक जैसे कई बैंकों में त्योहारों और खास मौकों पर छुट्टी रहेगी। ये बात ध्यान देने वाली है कि हर शहर में बैंक की छुट्टी अलग-अलग दिन होगी। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर में छुट्टी की जानकारी जरूर ले लें। आइए जानते हैं कब और किस दिन बंद रहेंगे बैक
किस वजह से होगी छुट्टी
नवंबर में दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे त्योहारों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा, स्थानीय त्योहारों और खास मौकों पर भी बैंक की शाखाओं में छुट्टी रहेगी। ध्यान दें कि सभी राज्यों में बैंक की छुट्टियां एक जैसी नहीं होती हैं। नवंबर में त्योहारों की छुट्टियों के अलावा सभी रविवार को भी देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इस महीने 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को रविवार होने के कारण बैंक की शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इसके अलावा, 14 नवंबर को दूसरा शनिवार और 28 नवंबर को चौथा शनिवार होने के चलते भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि बैंक से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें, ताकि बाद में परेशानी न हो।
इस दिन बंद रहेंगे बैंक
9 नवंबर: दिवाली, लक्ष्मी पूजा और गोवर्धन पूजा
नवंबर की शुरुआत में ही कई शहरों में बैंक की छुट्टी रहेगी। 9 नवंबर को अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, इंफाल, जयपुर, कानपुर और लखनऊ में बैंक बंद रहेंगे। इन जगहों पर दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के कारण छुट्टी रहेगी।
10 नवंबर: बाली प्रतिपदा और विक्रम संवत नववर्ष
10 नवंबर को अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इन शहरों में बाली प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
11 नवंबर: भाई दूज और स्थानीय पर्व
भाई दूज और अन्य क्षेत्रीय त्योहारों के चलते 11 नवंबर को गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन निंगोल चकौबा, लक्ष्मी पूजा और चित्रगुप्त जयंती भी मनाई जाएगी। गंगटोक में 9, 10 और 11 नवंबर को लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।
13 नवंबर: वंगाला उत्सव
मेघालय के शिलांग में 13 नवंबर को वंगाला उत्सव के कारण बैंक की छुट्टी रहेगी। यह राज्य का एक प्रमुख पारंपरिक त्योहार है।
16 नवंबर: छठ पूजा
छठ पूजा के चलते 16 नवंबर को पटना और रांची में बैंक बंद रहेंगे। इस पर्व पर लोग सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं। इसे सूर्य षष्ठी और डाला छठ भी कहा जाता है।
20 नवंबर: इगास-बग्वाल
उत्तराखंड के देहरादून में 20 नवंबर को इगास-बग्वाल के कारण बैंक बंद रहेंगे। यह राज्य में मनाया जाने वाला पारंपरिक लोकपर्व है।
23 नवंबर: सेंग कुट स्नेम
शिलांग में 23 नवंबर को सेंग कुट स्नेम के अवसर पर बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। यह मेघालय का एक वार्षिक सांस्कृतिक त्योहार है।
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा
24 नवंबर को देश के कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रहस्य पूर्णिमा के कारण आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जम्मू, जयपुर, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
27 नवंबर: कनकदास जयंती
नवंबर की आखिरी बैंक छुट्टियों में से एक 27 नवंबर को होगी। कनकदास जयंती के कारण कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बैंक बंद रहेंगे। यह पर्व राज्य में विशेष रूप से मनाया जाता है।
इंटरनेट बैंकिंग में नहीं होगी दिक्कत
इस बात का ध्यान दें कि बैंक की छुट्टियां राज्य और शहर के हिसाब से अलग हो सकती हैं। शाखा जाने से पहले अपने क्षेत्र की आधिकारिक बैंक छुट्टी सूची जरूर जांच लें। वहीं इन छुट्टियों के दौरान ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM के जरिए पैसों का लेन-देन और दूसरे जरूरी काम कर सकेंगे।
Leave a Reply