DMart Share Price Target: राधाकिशन दमानी की कंपनी का मुनाफा बढ़ा, फिर भी ब्रोकरेज ने होल्ड रेटिंग के साथ घटाया टारगेट
Avenue Supermarts DMart Share Price Target, Q1 Results FY 2027: दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी की रिटेल चेन डीमार्ट ब्रैंड नाम से कारोबार करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) के अर्निंग्स जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि, पिछले साल स्टोर नेटवर्क के तेजी से विस्तार की वजह से बढ़े हुए खर्चों और ऑनलाइन ई-कॉमर्स वर्टिकल डीमार्ट रेडी की सुस्त पड़ती रफ्तार ने निवेशकों को थोड़ा चिंतित किया है।
ऐसा कह सकते हैं कि डीमार्ट ने बेहतर प्रॉडक्ट मिक्स के दम पर अपने ग्रॉस मार्जिन में सुधार तो किया है, लेकिन नए स्टोर खुलने से कर्मचारियों और अन्य परिचालन लागतों में हुई भारी बढ़ोतरी की वजह से ये फायदा सीमित रह गया। बड़े महानगरों के पुराने स्टोर्स में इस तिमाही के दौरान रेवेन्यू ग्रोथ फ्लैट रही है, जबकि छोटे यानी नॉन-मेट्रो शहरों के स्टोरों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
पढ़ें: DMart Q1 Results : कंपनी का मुनाफा 13% बढ़कर 935 करोड़ रुपये पर पहुंचा-जून तिमाही में सिर्फ 3 स्टोर जोड़े
इस प्रदर्शन के बाद प्रमुख ब्रोकरेज हाउस नुमावा ने कंपनी के भविष्य के वित्तीय अनुमानों और शेयर के वैल्यूएशन को बदलाव किया है। साथ ही स्टॉक के टारगेट को भी घटाया है।
DMart Share Price Target: ब्रोकरेज रिपोर्ट
तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज रिपोर्ट में कंपनी के परफॉर्मेंस को लेकर सतर्कता जताई गई है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026 और 2027 के लिए रेवेन्यू अनुमान में क्रमशः 0.5 फीसदी और 0.3 फीसदी की कटौती की है, जबकि PAT के अनुमान को 1.8 फीसदी और 3.1 फीसदी से घटाया है।
रिपोर्ट के अनुसार, तेजी से स्टोर बढ़ाए जाने की वजह से सालाना आधार पर प्रति स्क्वायर फीट रेवेन्यू 3 फीसदी घटकर 35,532 रुपये रह गया है। इसके अलावा, 2 साल या उससे पुराने स्टोर्स की ग्रोथ भी पिछले साल के 7.1 फीसदी से घटकर इस बार 5.5 फीसदी रह गई है। इन कमजोरियों को देखते हुए ब्रोकरेज ने शेयर के वैल्यूएशन मल्टीपल को 70x से घटाकर 60x (Q1FY29 PAT के आधार पर) कर दिया है।
DMart Share Price Target
ब्रोकरेज हाउस ने डीमार्ट के शेयर पर अपनी रेटिंग को होल्ड पर बरकरार रखा है, लेकिन इसके टारगेट प्राइस में बड़ी कटौती की है। शेयर का बदला हुआ टारगेट अब 4383 रुपये तय किया गया है, जो कि पहले 4974 रुपये था।
वैल्यूएशन की बात करें तो, वर्तमान में डीमार्ट का स्टॉक काफी प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है, जो वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित मुनाफे के 78 गुना (78x) और वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित मुनाफे के 65 गुना (65x) के मल्टीपल पर ट्रेड कर रहा है।
Avenue Supermarts Q1 Results FY 2027
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में डीमार्ट का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर (YoY) 14.9 फीसदी बढ़ा है। इसी तरह कंपनी EBITDA 15.4 फीसदी और टैक्स के बाद शुद्ध मुनाफा (PAT) 11.3 फीसदी बढ़ा है। स्टैंडअलोन स्तर पर बेहतर कैटेगरी मिक्स की वजह से कंपनी का ग्रॉस मार्जिन 50 बेसिस पॉइंट बढ़कर 15.1 फीसदी पर पहुंच गया।
पढ़ें: DMart Share: कमजोर बिजनेस अपडेट से 5% टूटा स्टॉक, फिर भी कई ब्रोकरेज बुलिश, एक ने दिया 40 फीसदी अपसाइड का टारगेट
हालांकि, पिछली तिमाहियों में अधिक स्टोर खुलने की वजह से कर्मचारियों पर होने वाला खर्च सालाना आधार पर 31.6 फीसदी बढ़ गया और अन्य खर्चों में भी 17.9 फीसदी की वृद्धि हुई, जिसकी वजह से EBITDA मार्जिन में सिर्फ 10 बेसिस पॉइंट का ही सुधार हुआ और यह 8.3 फीसदी रहा।
ऑपरेशन्स और डीमार्ट रेडी का प्रदर्शन
इस तिमाही में कंपनी ने 3 नए स्टोर जोड़े हैं, जिससे कुल स्टोरों की संख्या बढ़कर 503 हो गई है। कंपनी ने आने वाले समय में स्टोर खोलने की रफ्तार बढ़ाने के लिए 1100 करोड़ रुपये के NCD फंड जुटाने की मंजूरी ली है।
दूसरी ओर, ऑनलाइन ग्रॉसरी सेगमेंट DMart Ready की ग्रोथ में अचानक बड़ी गिरावट आई है, जो पहले की 20 फीसदी ग्रोथ प्रोफाइल से घटकर इस तिमाही में सिर्फ 5.5 फीसदी रह गई है। कंपनी ने कम योगदान देने वाले 7 शहरों में अपना काम बंद कर दिया है और अब यह सिर्फ 11 शहरों में मौजूद है। इस सेगमेंट का घाटा भी पिछले साल की समान तिमाही के 56.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 75.3 करोड़ रुपये हो गया है।
(Disclaimer: शेयर पर निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई है। यह stock market news के निजी विचार नहीं हैं। Stock market news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply