Home First Finance Company के शेयर में 21% तक उछाल का दम! ब्रोकरेज बुलिश, दोहराई ‘बाय’ रेटिंग
होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड के शेयरों में आगे 21 प्रतिशत तक का उछाल देखने को मिल सकता है। ऐसी उम्मीद ICICI Securities के टारगेट प्राइस से मिली है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग दोहराई है और टारगेट प्राइस 1450 रुपये प्रति शेयर रखा है। नया टारगेट प्राइस शेयर के BSE पर वर्तमान भाव 1200 रुपये से लगभग 21 प्रतिशत ज्यादा है। होम फर्स्ट फाइनेंस एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी है।
ब्रोकरेज ने अपने रिसर्च नोट में कहा है कि होम फर्स्ट फाइनेंस ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में 15.7 अरब रुपये तक के लोन बांटे। यह आंकड़ा तिमाही आधार पर 19 प्रतिशत ज्यादा है। साथ ही इसने कई तिमाहियों के 11–13 अरब रुपये के औसत दायरे को तोड़ा। कंपनी का यह प्रदर्शन दो अहम बातों को साफ करता है–
– मध्यम-अवधि में HomeFirst में अच्छी ग्रोथ की संभावना मजबूत दिख रही है
– अप्रैल-सितंबर 2026 में सामने आई चुनौतियां शायद अस्थायी थीं
साथ ही, जिन ग्राहकों की किश्तें 1 दिन या उससे ज्यादा देर से आ रही थीं (1+ DPD), उनका अनुपात मार्च 2026 तिमाही में कम होकर 4.7 प्रतिशत हो गया। इसमें लगातार दूसरी तिमाही में गिरावट आई है। जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में यह अपने पीक 5.5 प्रतिशत पर था। इसका मतलब है कि लोन की गुणवत्ता में सुधार दिख रहा है। DPD का मतलब है डेज पास्ट ड्यू।
कंपनी के मैनेजमेंट को भरोसा है कि वित्त वर्ष 2027 में होम फर्स्ट फाइनेंस लगभग 25 प्रतिशत AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) ग्रोथ बनाए रख सकती है। इन सभी फैक्टर्स को देखते हुए ICICI Securities ने शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।
Home First Finance का शेयर एक महीने में 13 प्रतिशत मजबूत
होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड का मार्केट कैप 12500 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक महीने में 13 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 93.01 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,518.80 रुपये और एडजस्टेड लो 893.95 रुपये है।
कंपनी की वित्तीय सेहत
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 42.8 प्रतिशत बढ़कर 149.4 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 104.6 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय (NII) 36.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 306.1 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 224.3 करोड़ रुपये थी। मार्च 2026 तिमाही में कुल इनकम सालाना आधार पर 21.3 प्रतिशत बढ़कर 505 करोड़ रुपये रही। AUM का आंकड़ा 15,878 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले से 24.9 प्रतिशत ज्यादा है।
होम फर्स्ट फाइनेंस ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 5.20 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद 30 दिनों के अंदर डिविडेंड का पेमेंट कर दिया जाएगा।
Bank of Baroda देने वाला है ₹8.50 का डिविडेंड; Q4 में मुनाफा 11% बढ़ा; सोमवार को चढ़ सकता है शेयर
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Leave a Reply