MCX Share Price: मार्च तिमाही में एमसीएक्स का प्रॉफिट 291% उछला, 11 मई को रॉकेट बन सकता है शेयर
MCX Share Price: एमसीएक्स का प्रदर्शन मार्च तिमाही में शानदार रहा। एक्सचेंज ने 8 मई को शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया। मार्च तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 291 फीसदी उछलकर 530 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 135 करोड़ रुपये प्रॉफिट हुआ था।
MCX के रेवेन्यू में भी मार्च तिमाही में जबर्दस्त इजाफा हुआ। यह 205 फीसदी बढ़कर 889 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 290 करोड़ रुपये था। कंपनी की EBITDA में भी बड़ा उछाल दिखा है। यह मार्च तिमाही में 667 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की मार्च तिमाही में यह सिर्फ 160 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन बढ़कर 74.80 फीसदी पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 55 फीसदी था।
एमसीएक्स में प्रति 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 8 रुपये फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया। यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2025-26 के लिए है। डिविडेंड के इस प्रस्ताव पर कंपनी की 24वीं एनुअल जनरल मीटिंक (AGM) में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलेगी। कंपनी का शेयर 8 मई को 1.74 फीसदी चढ़कर 3,097.15 रुपये पर बंद हुआ। इस साल (2026) में यह शेयर करीब 41 फीसदी चढ़ा है। कंपनी के शेयरों पर 11 मई को मार्च तिमाही के शानदार नतीजों का असर दिख सकता है।
एमसीएक्स सबसे बड़ा कमोडिटी एक्सचेंज है। इसके शेयरों ने बीते कुछ सालों में निवेशकों को मालामाल किया है। एक साल में यह शेयर करीब 133 फीसदी उछला है। तीन सालों में इसका रिटर्न 950 फीसदी रहा है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 75000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह देश के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज बीएसई के 1.59 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैपिटलाइजेशन का करीब आधा है।
एमसीएक्स का शेयर 8 मई को तब चढ़कर बंद हुआ, जब शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। निफ्टी 0.62 फीसदी यानी 150 अंक गिरकर 24,176 रुपये पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.66 फीसदी यानी 516 अंक फिसलकर 77,328 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी में 1.31 फीसदी की गिरावट आई। 8 मई को शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन गिरा।
Leave a Reply