stock-markett.online
Rain Death: दिल्ली से लेकर गाजियाबाद तक…आसमान से बरसी आफत, 3 साल की बच्ची समेत बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत
Rain Death: दिल्ली से लेकर गाजियाबाद तक…आसमान से बरसी आफत, 3 साल की बच्ची समेत बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत

Rain Death: दिल्ली से लेकर गाजियाबाद तक…आसमान से बरसी आफत, 3 साल की बच्ची समेत बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत

Rain-Related Death: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार (9 जुलाई) को हुई भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। गाजियाबाद और दिल्ली में जलभराव की अलग-अलग घटनाओं में तीन साल की बच्ची और सात साल के एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। दोनों हादसों ने प्रशासन की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देश के कई हिस्सों में गुरुवार को मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई। पेड़ उखड़ गए। संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

गाजियाबाद में 3 साल की बच्ची की मौत

गाजियाबाद के सर्वोदय नगर में रहने वाली तीन वर्षीय मानवी गुरुवार दोपहर अपने घर के बाहर बारिश के जमा पानी में डूब गई। पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता घर से बाहर गए थे। इसी दौरान बच्ची उनकी तलाश में बाहर निकल गई। कुछ देर बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और करीब 10 मिनट बाद वह घर के बाहर भरे पानी में डूबी हुई मिली। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दिल्ली में 7 साल का बच्चा भी डूबा

दिल्ली के समयपुर बादली इलाके के संजय कॉलोनी निवासी सात वर्षीय रेहान भी बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूब गया। बताया गया कि वह अपने बड़े भाई के साथ बाहर गया था, लेकिन खेलते-खेलते गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में पानी से भरे प्लॉट के पास उसकी बोतल मिली, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन की और बच्चे का शव बरामद हुआ। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हर बारिश में जलभराव की समस्या होती है, लेकिन समय रहते न तो पानी निकाला जाता है और न ही खतरनाक स्थानों की घेराबंदी की जाती है, जिससे मासूमों की जान खतरे में पड़ जाती है।

बारिश का कहर जारी

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और बच्चों को अकेले बाहर न जाने देने की अपील की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। इसमें राज्य भर में मानसून की गतिविधि तेज होने के कारण अगले 24 घंटों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया।

देशभर में 10 लोगों की मौत

देशभर में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 10 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। अधिक बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटा रहा। कई शहरों के रिहायशी इलाकों में लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। जबकि प्रमुख सड़कों और हाईवे पर ट्रैफिक बेहद धीमी गति से चलता रहा। अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। किन्नौर में नदी का जलस्तर बढ़ने से 100 फुट लंबा लोहे का पुल पानी में डूब गया।

मानसूनी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी में सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। तेज बारिश के कारण दिल्ली की हवा भी सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ महसूस की गई। शहर के कुछ हिस्सों में 160 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक बारिश हुई। इस बीच रोहिणी में इमारत गिरने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। अधिकारियों को दिनभर में जलभराव की 68 शिकायतें मिलीं जबकि भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

बुधवार को भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए सूरत में बाढ़ का पानी बृहस्पतिवार को धीरे-धीरे उतरने लगा। शहर से छह अन्य शव बरामद किए गए, जिससे पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शहर की स्थिति का जायजा लेने के लिए सूरत का दौरा किया।

महाराष्ट्र में पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ में उस जगह पर बचाव कार्य गुरुवार को भी जारी रहा, जहां एक दिन पहले भारी बारिश के कारण कचरे से बिजली पैदा करने वाले प्लाटं में कूड़े का बड़ा ढेर ढहने से एक इमारत गिर गई थी। गुरुवार को इमारत के मलबे से एक शव बरामद किया गया। जबकि करीब आठ लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है। अब तक 9 लोगों को बचाया जा चुका है।

ठाणे शहर में पहले हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पेड़ गिरने की घटना में घायल हुए 64 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यूपी के संत कबीर नगर जिले के अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि कुशीनगर में बिजली गिरने से 14 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुलंदशहर में भारी बारिश के बाद खुर्जा के मुंडाखेड़ा गांव में अस्थायी तंबू पर दीवार गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।

ये भी पढ़ें- IMD Heavy Rain Alert: देशभर में मानसून का तांडव! दिल्ली में आज होगी भारी बारिश, UP-उत्तराखंड में ‘रेड अलर्ट’, मुंबई में भी बरसेंगे बादल

शामली जिले के थानाभवन शहर में भारी बारिश के दौरान एक टिन शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान शाहिद के रूप में हुई। उसके दो बेटे अमन (17) और नौमान (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सर्वोदय कॉलोनी में तीन वर्षीय पल्लवी अपने घर के बाहर पानी से भरे नाले में डूब गई।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *