SBI Funds Management IPO: एसबीआई ने AMC यूनिट में बेची 1.42% स्टैक, प्री-आईपीओ प्लेसमेंट से जुटाए 1655 करोड़ रुपये
SBI Funds Management IPO: देश के दिग्गज पीएसयू बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपनी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (SBIFM) के बहुप्रतीक्षित आईपीओ (IPO) से पहले एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। बैंक ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट राउंड के तहत अपनी कंपनी में 1.42 फीसदी की हिस्सेदारी 30 बड़े निवेशकों को सफलतापूर्वक बेच दी है।
इस ब्लॉक डील के जरिए एसबीआई ने बाजार से कुल 1655 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम जुटाई है, जिसने बाजार में इस आईपीओ को लेकर निवेशकों का उत्साह और भी बढ़ा दिया है।
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बैंक ने ये हिस्सेदारी 574 रुपये प्रति शेयर के भाव पर निवेशकों को बेची है। ध्यान देने वाली बात ये है कि ये कीमत आने वाले आईपीओ के लिए तय किए गए प्राइस बैंड का ऊपरी स्तर भी है। इस सफल प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के पूरा होने के साथ ही एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के 11,600 करोड़ रुपये के मेगा आईपीओ का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है, जो अब आम निवेशकों के लिए बाजार में उतरने को तैयार है।
किन दिग्गजों ने खरीदा हिस्सा?
प्री-आईपीओ प्लेसमेंट राउंड में एसबीआई द्वारा बेचे गए इन शेयरों को खरीदने वालों में बाजार के कई जाने-माने और दिग्गज नाम शामिल हैं। बैंक ने ये शेयर 360 वन फंड्स, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस, बेनेट कोलमैन, आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस, कैपरी ग्लोबल वेंचर्स और कार्नेलियन भारत अमृतकाल फंड जैसे 30 प्रमुख निवेशकों को बेचे हैं।
बैंक ने गुरुवार को अपनी फाइलिंग में स्पष्ट किया कि 9 जुलाई, 2026 को हुए शेयर खरीद समझौते के तहत कुल 2,88,32,748 इक्विटी शेयर बेचे गए हैं। इन शेयरों की फेस वैल्यू 1 रुपये है, जो कंपनी की प्री-ऑफर शेयर कैपिटल का सटीक 1.415 फीसदी हिस्सा बनाते हैं।
14 जुलाई को खुलेगा मेगा आईपीओ
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का ये 11,600 करोड़ रुपये का विशाल इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 14 जुलाई 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। रिटेल और इंस्टीट्युशनल इन्वेस्टर्स 16 जुलाई तक इसमें अपना पैसा लगा सकेंगे।
ये पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत लाया जा रहा है। इसका सीधा मतलब ये है कि इस आईपीओ के जरिए कंपनी में कोई नया पैसा नहीं आएगा, बल्कि कंपनी के मौजूदा प्रमोटर्स -एसबीआई और अमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी हिस्सेदारी कम करते हुए अपने शेयर बाजार में बेचेंगे।
मैनेजमेंट को शानदार रिस्पॉन्स की उम्मीद
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का ये इश्यू हाल के समय के सबसे बड़े आईपीओ में से एक माना जा रहा है। इस आईपीओ की सफलता के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और रिलायंस के जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) जैसे अन्य बड़े और बहुप्रतीक्षित आईपीओ के लिए भी शानदार माहौल तैयार होगा।
इस बीच, एसबीआई मैनेजमेंट ने भी इस आईपीओ के प्रदर्शन को लेकर पूरा भरोसा जताया है। गुरुवार को कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले 3-4 दिनों में वे कई और बड़े नामों की घोषणा करेंगे, जो इस आईपीओ के जरिए कंपनी में बड़ा निवेश करने की तैयारी में हैं।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply