Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को समर्थन देने की तैयारी में है। सूत्रों ने बताया कि इसकी जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस विजय की अगुवाई वाली तमिलनाडु सरकार में दो मंत्री पदों की उम्मीद कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता गिरीश चोडनकर और प्रवीण चक्रवर्ती TVK नेताओं के संपर्क में हैं। कांग्रेस के एक सूत्र ने ANI को बताया, “तमिलनाडु कांग्रेस PAC के सदस्यों ने एकमत से TVK प्रेसिडेंट और एक्टर विजय को राज्य में सेक्युलर सरकार बनाने के लिए सपोर्ट करने का फैसला किया।”
सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नेताओं की मंगलवार रात हुई एक ऑनलाइन बैठक में इस पर सहमति जताई गई कि विजय को धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए समर्थन देना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि इस बारे में अंतिम फैसला बुधवार को किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार अभी इस बात को लेकर चर्चा जारी है कि विजय के साथ जाने की स्थिति में सरकार का बाहर से समर्थन करना है या फिर सरकार का हिस्सा बनना है।
विजय ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र भेजकर समर्थन का आग्रह किया था। इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा हुई। फिर कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश जारी किया कि वह राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले। कांग्रेस ने यह भी कहा कि तमिलनाडु का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है। वह बीजेपी तथा उसके प्रतिनिधि समूहों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, “टीवीके अध्यक्ष विजय ने कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि BJP और उसके प्रतिनिधि किसी भी तरह से तमिलनाडु सरकार को न चलाएं। उनका कहना था, “ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणाम के मद्देनजर राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।”
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस फिलहाल DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विजयी होकर उभरी है। उसने दो प्रमुख द्रविड़ पार्टियों DMK और AIADMK के लगभग छह दशकों से चले आ रहे वर्चस्व को समाप्त कर दिया।
विजय को कितने सीट की जरूरत?
अपने पहले ही चुनावी मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद टीवीके का दर्जा बढ़कर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल का हो गया। हालांकि, विजय की टीवीके को इतना जनादेश नहीं मिला कि वह अकेले दम पर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सके। बहुमत जुटाने के लिए उसे 10 और सीटों की जरूरत है। राज्य में साधारण बहुमत हासिल करने के लिए किसी भी राजनीतिक दल को कुल 234 निर्वाचन क्षेत्रों में से कम से कम 118 में जीत हासिल करनी होगी। हालांकि, टीवीके ने 108 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की।
टीवीके नेता विजय ने उन दोनों सीटों पर जीत हासिल की, जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा था चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, उन्हें इन दोनों सीटों में से किसी एक से इस्तीफा देना होगा। टीवीके सूत्रों के मुताबिक, उनके तिरुचिरापल्ली सीट छोड़ने की संभावना है।
अगर विजय ऐसा करते हैं, तो पार्टी की कुल सीटों की संख्या एक कम हो कर 107 हो जाएगी। इन आंकड़ों के खेल में एक और बात यह है कि टीवीके द्वारा नियुक्त विधानसभा स्पीकर विश्वास प्रस्ताव के दौरान वोट डालने के हकदार नहीं होंगे। इस तरह पार्टी की प्रभावी मतदान क्षमता 106 रह जाएगी।
ये भी पढ़ें- Punjab Blast: पंजाब के जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में धमाका! उधर अमृतसर में मिलिट्री कैंप के बाहर भी विस्फोट
इसलिए, टीवीके को अपना बहुमत साबित करने के लिए 12 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। DMK गठबंधन में कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं, दोनों कम्युनिस्ट पार्टियों ने दो-दो सीटें (कुल चार) जीती हैं। जबकि डीएमडीके ने एक सीट, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वीसीके ने दो-दो सीटें जीती हैं।

Leave a Reply