Tamil Nadu Election Results: थलापति विजय को तमिलनाडु में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। लेकिन बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को अभी भी 12 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने मंगलवार (5 मई) देर रात पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की एक अहम बैठक बुलाई, जिसमें सुपरस्टार को समर्थन देने का फैसला किया गया।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK विजयी होकर उभरी है। उसने दो प्रमुख द्रविड़ पार्टियों DMK और AIADMK के लगभग छह दशकों से चले आ रहे वर्चस्व को समाप्त कर दिया। अपने पहले ही चुनावी मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद टीवीके का दर्जा बढ़कर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल का हो गया। हालांकि, विजय नीत टीवीके को इतना जनादेश नहीं मिला कि वह अकेले दम पर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सके। बहुमत जुटाने के लिए उसे 12 और सीटों की जरूरत है।
राज्य में साधारण बहुमत हासिल करने के लिए किसी भी राजनीतिक दल को कुल 234 निर्वाचन क्षेत्रों में से कम से कम 118 में जीत हासिल करनी होगी। हालांकि, टीवीके ने 108 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की। टीवीके नेता विजय ने उन दोनों सीटों पर जीत हासिल की, जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा था चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, उन्हें इन दोनों सीटों में से किसी एक से इस्तीफा देना होगा। टीवीके सूत्रों के मुताबिक, उनके तिरुचिरापल्ली सीट छोड़ने की संभावना है।
अगर विजय ऐसा करते हैं, तो पार्टी की कुल सीटों की संख्या एक कम हो कर 107 हो जाएगी। इन आंकड़ों के खेल में एक और बात यह है कि टीवीके द्वारा नियुक्त विधानसभा स्पीकर विश्वास प्रस्ताव के दौरान वोट डालने के हकदार नहीं होंगे। इस तरह पार्टी की प्रभावी मतदान क्षमता 106 रह जाएगी। इसलिए, टीवीके को अपना बहुमत साबित करने के लिए 12 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
क्या है सीटों का गणित?
DMK गठबंधन में कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं। जबकि दोनों कम्युनिस्ट पार्टियों ने दो-दो सीटें (कुल चार) जीती हैं। वहीं, DMDK ने एक सीट, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और VCK ने दो-दो सीटें जीती हैं। अन्नाद्रमुक गठबंधन में PMK ने चार सीटें हासिल की हैं। जबकि BJP ने एक सीट जीती है। एएमकेके को भी एक सीट मिली है। अगर टीवीके को दोनों गठबंधनों में शामिल अन्य पार्टियों का समर्थन मिल जाता है, तो उसे 21 अतिरिक्त सीटें मिल सकती हैं।
IUML केरल में कांग्रेस के साथ गठबंधन में है। इसलिए उसके विजय का समर्थन करने की संभावना है। इससे टीवीके को कुल 129 सीटें (108+21) मिल सकती हैं, जो कि जरूरी 118 सीटों से सिर्फ़ एक ज्यादा है। हालांकि, टीवीके को उन सभी दलों के समर्थन की जरूरत नहीं है। सिर्फ़ 12 सदस्यों का समर्थन ही काफी होगा। विजय के बुधवार (छह मई) को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है। कांग्रेस के अलावा वामपंथी पार्टियां CPI और CPI(M), TVK का समर्थन कर सकती हैं। हालांकि वे अभी भी विजय की ओर से किसी संदेश का इंतजार कर रही हैं।
ये भी पढ़ें- Tamil Nadu Election Results: कांग्रेस ने विजय की TVK को दिया समर्थन, तमिलनाडु कैबिनेट में दो मंत्री पदों की मांग
डॉ. अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाली पट्टाली मक्कल काची (PMK) भी NDA छोड़कर विजय के खेमे में शामिल हो सकती है। इससे उनकी सरकार और मज़बूत होगी। इससे पहले, 2006 में जब करुणानिधि बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गए थे, तब PMK ने सत्ता में हिस्सेदारी लिए बिना DMK को समर्थन दिया था। हालांकि, उस समय PMK का DMK के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन था। तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव हुए थे तथा चार मई को मतगणना हुई।

Leave a Reply