उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है, लेकिन मौसम विभाग ने 7 और 8 मई के लिए राज्य के कई हिस्सों में अभी भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से तराई क्षेत्र और पूर्वांचल के जिलों में बिजली कड़कने के साथ आंधी और बौछारें पड़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने 7 मई (गुरुवार) के लिए ताजा चेतावनी जारी की है। राज्य के पश्चिमी और पूर्वी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
7 मई: लखनऊ और आसपास का हाल
राजधानी लखनऊ और इसके आसपास के इलाकों में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, यहाँ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से बवंडर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 मई की सुबह से 8 मई की सुबह तक के लिए उत्तर प्रदेश के कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है-
झोंकेदार हवाएं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों में 50 किमी/घंटा): देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिलों में तेज हवाएं चलने की अधिक संभावना है।
मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरना): आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।
तापमान में होगी 7 डिग्री तक की वृद्धि: मौसम वैज्ञानिक का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब कमजोर पड़ रहा है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा- प्रदेश के तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों को छोड़कर अन्य भागों में मौसम साफ होने लगा है। आज अधिकतम तापमान में 6°C की प्रभावी वृद्धि के बाद, अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में 5-7°C की और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। 8 मई के बाद प्रदेश में बारिश में कमी आएगी और मौसम मुख्य रूप से शुष्क हो जाएगा।
लू की स्थिति फिलहाल नहीं
राहत की बात यह है कि तापमान में इतनी भारी वृद्धि के बावजूद, आगामी एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में अभी लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मेघगर्जन और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें।

Leave a Reply