Mutual Funds : जून में मिडकैप और स्मॉलकैप का दबदबा- कुल इक्विटी निवेश का 40% से ज्यादा हिस्सा
जून 2026 में मिड-कैप और स्मॉल-कैप म्यूचुअल फंड निवेशकों की पहली पसंद रहे। इन दोनों कैटेगरी में कुल 11692 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो जून में इक्विटी म्यूचुअल फंड में आए 28973 करोड़ रुपये के कुल निवेश का 40 फीसदी से अधिक है। शेयर बाजार में अच्छी तेजी और बेहतर रिटर्न की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत किया।
बाजार के प्रदर्शन की बात करें तो जून में निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स 4.8 फीसदी, निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स 8.7 फीसदी और निफ्टी 1.4 फीसदी चढ़ा। पिछले तीन महीनों में निफ्टी मिडकैप 150 में 9.11 फीसदी, निफ्टी स्मॉलकैप 250 में 15.34 फीसदी और निफ्टी में 1.3 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
इक्विटी म्यूचुअल फंड में 28973 करोड़ रुपये का नेट इन्फ्लो
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री संगठन AMFI के आंकड़ों के मुताबिक जून में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 28973 करोड़ रुपये का नेट इन्फ्लो हुआ, जो मई के 22908 करोड़ रुपये के मुकाबले 26 फीसदी ज्यादा है। मई में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण निवेशकों ने एकमुश्त निवेश कम कर दिया था, जिससे इक्विटी फंड में निवेश एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि जून में बाजार में सुधार के साथ निवेशकों की वापसी देखने को मिली।
SIP निवेश बढ़ा
जून के दौरान सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश भी बढ़ा। SIP कलेक्शन मई के 30,954 करोड़ रुपये से बढ़कर जून में 31,781 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, यानी इसमें 2.67 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी 0.8 फीसदी बढ़कर 82.05 लाख करोड़ रुपये हो गया।
SIP स्टॉपेज रेशियो घटा
निवेशकों के लिए एक और पॉजिटिव संकेत SIP स्टॉपेज रेशियो में सुधार रहा। जून में यह घटकर 91.23 फीसदी पर आ गया, जबकि मई में यह 95.46 फीसदी था। जून में 55.51 लाख नए SIP शुरू हुए, जबकि 50.64 लाख SIP बंद हुए या उनकी अवधि पूरी हुई। इससे संकेत मिलता है कि नए निवेशकों की संख्या बंद होने वाले SIP से अधिक रही।

Leave a Reply