‘मैंने उसे मार दिया है’ पहले हथौड़े से वार, फिर गला रेता! महिला ने होटल के कमरे में प्रेमी को उतारा मौत के घाट
Last Updated on April 18, 2026 19:03, PM by Pawan
आगरा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 29 साल की महिला ने अपने 36 साल के कथित प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना शुक्रवार को एक होटल के कमरे में हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले अपने प्रेमी के सिर पर हथौड़े से वार किया और फिर किसी धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद महिला खुद होटल स्टाफ के पास पहुंची और और बड़े ही धीमे लहजे में कहा- “मैंने उसे मार दिया है।”
DCP (पश्चिम) आदित्य ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे का मंजर बेहद भयावह था। खून से लथपथ शव एक बोरे में मिला, और पूरे कमरे में खून के छींटे पड़े थे, जो इस जघन्य हत्या की कहानी बयां कर रहे थे।
जांच में सामने आया है कि मृतक महिला का दूर का रिश्तेदार था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। महिला शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। पूछताछ में उसने दावा किया कि मृतक उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
होटल स्टाफ के मुताबिक, दोनों सुबह करीब 11 बजे कमरे में पहुंचे थे और करीब 12:30 बजे के आसपास यह वारदात हुई। घटना की सूचना पुलिस को करीब 1 बजे दी गई।
फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह घटना रिश्तों में छिपे तनाव और अपराध की भयावह सच्चाई को एक बार फिर उजागर करती है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस सनसनीखेज हत्याकांड के हर पहलू का खुलासा हो सके।
